भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय पुरुष चयन समिति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। रिपोट्स के मुताबिक चयन समिति अध्यक्ष अजीत अगरकर का कार्यकाल जून 2026 तक बढ़ा दिया गया है। पूर्व तेज गेंदबाज अगरकर के कार्यकाल को आईपीएल 2025 शुरू होने से पहले ही ऑफर किया गया था, जिसे उन्होंने एक्सेप्ट कर लिया है। इसी बीच इस बात की भी चर्चा हो मौजूदा पैनल से एक चयनकर्ता को हटाया जा सकता है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने खिताब भी जीते और टेस्ट व टी20 दोनों प्रारूपों में की जरुरी बदलाव भी हुए। इसी वजह से उनका कॉन्ट्रैक्ट जून 2026 तक बढ़ा दिया गया था, जिसे उन्होंने कुछ महीने पहले ही स्वीकार कर लिया था।"
रिपोर्ट के मुताबिक, "बीसीसीआई मौजूदा चयन समिति, अगरकर, एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी, अजय रात्रा और एस शरथ से काफी खुश है। हालांकि, बोर्ड एक नए सदस्य को शामिल करने का इच्छुक है और सितंबर में होने वाली सालाना आम सभा की बैठक में बदलाव किया जा सकता है। रिपोट्स के मुताबिक शरथ को जनवरी 2023 में जूनियर चयन समिति से प्रमोट करके सीनियर पुरुष समिति में लाया गया था, लेकिन अब उनकी जगह किसी नए सदस्य को लिया जा सकता है। हालांकि, यह कन्फर्म नहीं है कि एसएस दास और सुब्रतो बनर्जी को भी कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया जाएगा। वहीं अजय रात्रा अगले महीने समिति में अपने एक साल पूरे कर लेंगे, क्योंकि उन्हें सितंबर 2024 में इसमें शामिल किया गया था।" बीसीसीआई शरथ की जगह नए सदस्य की खोज के साथ ही सीनियर महिला और जूनियर पुरुष चयन समितियों के लिए भी आवेदन मंगाएगा।
कब से पद संभाल रहें अगरकर
अजीत अगरकर 2023 में चयन समिति के प्रमुख बने थे और उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं है। उनके कार्यकाल में भारत ने 2024 का आईसीसी टी20 विश्व कप और इस साल की शुरुआत में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। वहीं भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भी पहुंची थी। अजीत अगरकर के कार्यकाल में टेस्ट टीम में भी बड़े बदलाव हुए हैं। पिछले 9 महीनों में अश्विन, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज संन्यास ले चुके हैं। इनके बाद शुभमन गिल को कप्तानी मिली और उनकी अगुआई में भारत ने इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज ड्रॉ कराई।