Cheteshwar Pujara: भारत के दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा ने 24 अगस्त 2025 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। क्रिकेटर के इस फैसले से हर कोई हैरान रह गया। चेतेश्वर पुजारा को राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय टीम का "द वॉल" कहा जाता है। पुजारा को अक्सर टेस्ट मैच का प्लेयर कहा जाता है। इंटरनेशनल क्रिकेट में बेहतरीन बल्लेबाजी करने के बाद भी लंबे समय तक कोई फ्रेंचाइजी पुजारा को आईपीएल में खरीदने के लिए तैयार नहीं हुई। लगातार तीन साल नीलामी में अनदेखा किए जाने के बाद आखिरकार चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में खरीदा।
इस नीलामी में जहां काइल जैमीसन व ग्लेन मैक्सवेल पर लगभग 30 करोड़ खर्च हुए, वहीं पुजारा को चेन्नई सुपर किंग्स ने सिर्फ उनके बेस प्राइज 50 लाख रुपए पर खरीदा। इस नीलामी में पुजारा पर बस एक ही बोली लगी थी, जैसे ही सीएसके ने इस ‘टेस्ट एक्सपर्ट’ को चुना। वहां मौजूद सभी लोगों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।
वहीं इस साल की शुरुआत में चेतेश्वर पुजारा ने बताया था कि उनको कैसा लगता है जब आईपीएल में उनकी किस्मत का फैसला दूसरे लोग करते हैं। पुजारा ने कहा, "एक क्रिकेटर के तौर पर मेरी ऐसी सोच नहीं हो सकती। साथ ही, मुझे लगता है कि मेरे अंदर कभी घमंड(इगो) नहीं आ सकता, क्योंकि मैंने आईपीएल की नीलामी की जटिलता को खुद देखा और समझा है। मैंने हाशिम अमला जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को नीलामी में अनसोल्ड जाते देखा है। कई बेहतरीन टी20 खिलाड़ी भी नीलामी में नहीं चुने गए। इसलिए मुझे इस बात का कोई घमंड नहीं है कि अगर वे मुझे नहीं चुनते।"
बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा ने साल 2010 में डेब्यू किया था। ह्वाइट बॉल में पुजारा ज्यादा कमाल नहीं कर पाए पर रेड बॉल क्रिकेट में उन्होंने 13 साल तक अपना जलवा दिखाया। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही जून 2023 में खेला था। पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट और मात्र 5 वनडे खेले हैं। इन 108 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 7200 से ज्यादा रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में इस भारतीय खिलाड़ी के नाम 19 शतक हैं। वहीं उनके करियर के बेस्ट स्कोर की बात करें तो उन्होंने 206 रन नाबाद रहकर बनाए हैं।