भारत और पाकिस्तान का हाईवोल्टेज मुकाबला कल 14 सितंबर को खेला जाएगा। एशिया कप 2025 में दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस के शुरू होने से पहले ही माहौल काफी गर्म हो गया है। वहीं इस मैच से पहले प्रेस कॉफ्रेंस में वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर बात की। भारतीय बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने कहा कि वर्कलोड मैनेजमेंट ज्यादातर तेज गेंदबाजों के लिए किया जाता है, क्योंकि उन पर शारीरिक दबाव ज्यादा होता है।
वहीं बल्लेबाजों के मामले में तभी ध्यान दिया जाता है जब वे खुद थकान या बोझ महसूस करते हैं। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि फिलहाल उपकप्तान शुभमन गिल के वर्कलोड को लेकर कोई चिंता नहीं है।
वर्कलोड मैनेजमेंट पर कोच ने क्या कहा
कोटक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि आप वर्कलोड मैनेजमेंट को किस तरह समझते हैं, लेकिन आमतौर पर यह गेंदबाजों, खासकर तेज गेंदबाजों के लिए किया जाता है। जहां तक बल्लेबाजों की बात है, तो यह मुद्दा तभी सामने आता है जब वे मेंटली तौर पर महसूस करते हैं कि लगातार क्रिकेट खेलना उनके लिए बोझिल हो रहा है। मेरी नजर में कार्यभार प्रबंधन वास्तव में तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा अहम है। जहां तक बल्लेबाजों की बात है, मुझे नहीं लगता कि यह उनके लिए कोई बड़ी समस्या बनता है।"
खिलाड़ियों को पूरी समझ होती है
शुभमन गिल की तकनीक पर सवाल पूछे जाने पर कोच सीतांशु कोटक ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी ताकत अनुकूलन क्षमता (अडॉप्टबिलटी) है। कोटक ने कहा, "आजकल खिलाड़ी चाहे किसी भी फॉर्मेट में खेलें, उन्हें लाल और सफेद गेंद दोनों तरह के क्रिकेट की पूरी समझ होती है। सफेद गेंद के खेल में भी वे जानते हैं कि पावरप्ले और डेथ ओवरों में किस तरह बल्लेबाजी करनी है। बेशक खिलाड़ियों को कुछ तकनीकी बदलाव करने पड़ते हैं और वे खुद जानते हैं कि कब और कैसे करना है। इसलिए वे ऐसे बदलाव करने की कोशिश भी करते हैं।"
शुभमन गिल का टी20 में प्रदर्शन
शुभमन गिल हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। इसके पहले आईपीएल में गुजरात टाइटन्स से खेलने से पहले वे भारत की चैंपियंस ट्रॉफी विजेता टीम का हिस्सा भी रहे। शुभमन गिल के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 22 टी-20 मैचों में 31.47 की औसत और 141 की स्ट्राइक रेट से 598 रन बनाए हैं। उनका अगला मुकाबला रविवार, 14 सितंबर को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ होगा।