IND vs ENG 2nd Test: इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर गेंदबाजी का लिया फैसला, टीम इंडिया में 3 बड़े बदलाव

India vs England 2nd Test Day 1: बर्मिंघम में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने अपनी लाइन-अप में तीन बदलाव किए हैं। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। जबकि ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग 11 में में शामिल किया गया है

अपडेटेड Jul 02, 2025 पर 4:11 PM
India vs England 2nd Test Day 1: नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग 11 में में शामिल किया गया है

India vs England 2nd Test Day 1: इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बुधवार (2 जुलाई) को बर्मिंघम में पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने प्लेइंग 11 में तीन बड़े बदलाव किए हैं। टीम इंडिया ने प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दूसरे टेस्ट में आराम देने का फैसला किया है। उनकी जगह अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग 11 में में शामिल किया गया है।

साई सुदर्शन और शार्दुल ठाकुर को टीम में नहीं चुना गया है। इंग्लैंड ने पहला टेस्ट पांच विकेट से जीता था। उसने पिछले मैच की प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में टीम की प्लेइंग 11 में वापसी करेंगे।

बुमराह को बुधवार से शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में आराम दिया गया। वह लीड्स में पहले टेस्ट मैच में खेले थे जिसमें भारत पांच विकेट से हार गया था। गिल ने दूसरे टेस्ट के लिए टॉस के समय कहा, "तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में है। हमें लगता है कि उस पिच पर वह अधिक उपयोगी होंगे इसलिए हम उन्हें वहां इस्तेमाल करेंगे।"

गिल ने कहा, "हम कुलदीप यादव को खिलाना चाहते थे लेकिन हमने बल्लेबाजी में गहराई के कारण यह फैसला किया।" तीसरा टेस्ट मैच 10 जुलाई से शुरू होगा। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने सीरीज के शुरू में घोषणा की थी कि बुमराह पांच में से तीन टेस्ट में ही खेलेंगे।

बुमराह गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार

भारत के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की लेटेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में बुधवार को एक स्थान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले हफ्ते एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बने पंत के करियर के सर्वश्रेष्ठ 801 रेटिंग अंक हैं। वह शीर्ष पर चल रहे इंग्लैंड के जो रूट से सिर्फ 88 अंक पीछे हैं।


पंत ने जुलाई 2022 में करियर की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग हासिल की थी। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल चौथे स्थान पर बरकरार हैं। वह बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष भारतीय है। कप्तान शुभमन गिल एक स्थान के नुकसान से 21वें पायदान पर हैं। भारत के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में 28 और नाबाद 53 रन की पारी खेलने वाले रूट ने दूसरे स्थान पर काबिज इंग्लैंड के अपने हमवतन हैरी ब्रूक पर 15 अंक की बढ़त बना रखी है।

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 149 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाले इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट करियर के सर्वश्रेष्ठ आठवें स्थान पर हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह 907 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर कायम हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में पांच विकेट चटकाए थे।

ये भी पढ़ें- IND vs ENG 2nd Test: दूसरे टेस्ट से पहले संदिग्ध पैकेट मिलने से टीम इंडिया में मचा हड़कंप, खिलाड़ियों के बाहर निकलने पर लगी रोक

दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबादा और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। जोश हेजलवुड एक स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के स्पिनर नोमान अली को पछाड़ा। इस बीच भारत के रविंद्र जडेजा भी टेस्ट ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।