Sanju Samson Vs Rahul Dravid: पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के मुख्य कोच का पद छोड़ देंगे। द्रविड़ को आईपीएल 2025 सत्र से पहले रॉयल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। दिलचस्प बात यह है कि रॉयल्स ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जबकि अटकलें लगाई जा रही हैं कि कप्तान संजू सैमसन भी फ्रेंचाइजी छोड़ना चाहते हैं। अगर सैमसन भी टीम छोड़ देते हैं तो मिनी नीलामी से कुछ महीने पहले रॉयल्स मुश्किलें बढ़ जाएगी।
राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान में कहा, "राहुल द्रविड़ कई वर्षों से राजस्थान रॉयल्स के सफर के अहम अंग रहे हैं। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों की एक पीढ़ी तैयार हुई है। उन्होंने फ्रैंचाइज़ी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी है।"
बयान में आगे कहा गया है, "राहुल को फ्रैंचाइजी में एक बड़े पद की पेशकश की गई थी। लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनिया भर के लाखों प्रशंसक, फ्रैंचाइज़ी के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए राहुल का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।"
संजू और राहुल में कोई मतभेद है?
दोनों के बीच कभी मतभेद की कोई खबर सामने नहीं आई है। सार्वजनिक रूप से न तो राहुल द्रविड़ और न ही संजू सैमसन ने अपने बीच किसी अनबन का संकेत दिया है। हालांकि, आईपीएल 2025 के दौरान वायरल एक वीडियो में उनके बीच थोड़ी दूरी दिखाई गई थी। लेकिन वह भी शायद अटकलें ही थीं। हालांकि, द्रविड़ का अचानक जाना सवाल खड़े करता है। उन्हें इस पद पर आए सिर्फ एक साल हुआ था।
एक साल किसी कोच के असली प्रभाव का अंदाजा लगाने के लिए काफी नहीं होता। राजस्थानी मीडिया तेवरों से पता चलता है कि वे भारत के दिग्गज और टी20 वर्ल्ड कप विजेता कोच द्रविड़ को फ्रैंचाइजी के चेहरों में से एक मानते हैं। कुछ फैंस इस बात पर बहस कर रहे हैं कि यह कदम RR के लिए अच्छा है या नहीं हैं। वहीं, कुछ को लगता है कि पर्दे के पीछे जरूर कुछ गड़बड़ है।
एक फैन ने कहा, "आप इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि संजू और द्रविड़ के बीच कोई अनबन नहीं थी। द्रविड़ के जाने का मतलब है कि संजू पूरी तरह से टीम में बने रहेंगे। प्रबंधन को उनमें से किसी एक को चुनना था और उन्होंने संजू को चुना।"
एक अन्य ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आरआर को राहुल द्रविड़ और संजू में से किसी एक को चुनना था, उन्होंने संजू सैमसन को चुना है। ट्रेड की खबरें खत्म, संजू टीम में बने रहेंगे।" एक तीसरे फैन ने कहा, "मुझे पता है कि द्रविड़ की बर्खास्तगी के पीछे सैमसन का हाथ है, लेकिन मैं इसे साबित नहीं कर सकता।"