IND vs ENG: ध्रुव जुरेल से मिस हुआ रन आउट तो गिल से भिड़ गए सिराज! कप्तान ने शेयर किया मजेदार किस्सा

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें मैच में जब इंग्लैंड को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और भारत को सिर्फ एक विकेट। 84वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने गस एटकिंसन को वाइड यॉर्कर फेंकी। गस एटकिंसन से ये बॉल मिस हो गई और ध्रुव जुरेल ने गेंद को पकड़कर स्टंप्स पर मारने की कोशिश की लेकिन वह चूक गए

अपडेटेड Aug 05, 2025 पर 4:03 PM
मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने इसकी मजेदार वजह बताई है

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पांचवां और आखिरी मैच दुनिया में सबसे रोमांचक मैचों में से एक रहा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला लंदन के द ओवल में खेला गया। इस रोमांचक मैच में भारत ने 6 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने इस सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया है। इस मैच में मोहम्मद सिराज ने कमाल की गेंदबाजी की। मैच के दौरान शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज के बीच हुई हल्की-फुल्की नोकझोंक हुई थी। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने इसकी मजेदार वजह बताई है। आइए जानते हैं दोनों खिलाड़ियों ने क्या कहा

कब हुआ ये वाकया

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें मैच में जब इंग्लैंड को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और भारत को सिर्फ एक विकेट। 84वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने गस एटकिंसन को वाइड यॉर्कर फेंकी। गस एटकिंसन से ये बॉल मिस हो गई और ध्रुव जुरेल ने गेंद को पकड़कर स्टंप्स पर मारने की कोशिश की लेकिन वह चूक गए। इसी बीच एटकिंसन एक रन लेकर स्ट्राइक अपने पास रखने में सफल रहे, ताकि अगले ओवर की पहली गेंद वही खेल सकें और चोटिल क्रिस वोक्स को रन नहीं लेना पड़े। सिराज उस समय जुरेल से थोड़े नाराज नजर आए और पास खड़े शुभमन गिल से भी कुछ बात करते नजर आए थे।


सिराज ने गिल से क्या कहा

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों ने मजाकिया अंदाज में इस पूरे किस्से के बारे में बताया। सिराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, "वो वाइड यॉर्कर हमारी (मेरी और गिल की) प्लानिंग थी। ओवर की आखिरी गेंद थी और हमें पता था कि इंग्लैंड वोक्स को स्ट्राइक नहीं देना चाहेगा। इसलिए गिल ने कहा कि वाइड यॉर्कर डाल सकते हैं, क्योंकि उस पर रन आउट का भी मौका था। उस गेंद पर छक्का लगना मुश्किल था और हमें बस डॉट बॉल चाहिए थी।"

गिल ने बताया, "सिराज ने मुझसे कहा था कि मैं ध्रुव जुरेल को रन आउट के लिए तैयार रहने को कहूं। लेकिन जब तक मैं ध्रुव को बता पाता, सिराज गेंद डालने के लिए दौड़ पड़े। ध्रुव को समय नहीं मिला और वह चूक गया। फिर सिराज मेरे पास आकर बोले, 'तूने ध्रुव को बताया क्यों नहीं?'"

भारत ने जीता मैच

ऐसे समय में विकेटकीपर अक्सर रन-आउट के लिए सटीक थ्रो करने के लिए एक ग्लव्स उतार देते हैं, क्योंकि इससे थ्रो करना आसान हो जाता है। इसके दो ओवर के बाद सिराज ने गस एटकिंसन को बेहतरीन यॉर्कर पर आउट कर भारत को जीत दिलाई। भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में खेले गए मैच के पांचवें दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रनों की जरुरत थी तो भारत को चार विकेट की, तब मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी से मैच पलट दिया।

Mohammed Siraj: गरीबी से संघर्ष कर बन गए भारतीय क्रिकेट के सितारे, मोहम्मद सिराज की अनसुनी कहानी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।