Who is Khalid Jamil: आइजोल फुटबॉल क्लब को 2017 में आई-लीग खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले खालिद जमील को भारतीय राष्ट्रीय पुरुष फुटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह पिछले 13 वर्षों में इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और वर्तमान में इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी के प्रभारी 48 वर्षीय जमील को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की कार्यकारी समिति ने इस पद के लिए चुना।
भारतीय टीम का कोच बनने की दौड़ में जमील के अलावा भारत के पूर्व मुख्य कोच स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन और और स्लोवाकिया के मुख्य कोच रह चुके स्टीफन टारकोविच शामिल थे। अपने जमाने के दिग्गज स्ट्राइकर आईएम विजयन की अगुवाई वाली एआईएफएफ की तकनीकी समिति ने कार्यकारी समिति के अंतिम निर्णय के लिए तीन उम्मीदवारों को चुना था।
एएफसी प्रो लाइसेंस डिप्लोमा धारक जमील स्पेन के मनोलो मार्केज़ का स्थान लेंगे, जो भारत के हाल में खराब प्रदर्शन के बाद अपने पद से हट गए थे। राष्ट्रीय पुरुष टीम के मुख्य कोच का पद संभालने वाले अंतिम भारतीय सावियो मेडेइरा थे, जो 2011 से 2012 तक इस पद पर रहे। जमील की नई भूमिका में पहला काम सेंट्रल एशियन फुटबॉल एसोसिएशन (सीएएफए) नेशंस कप होगा, जो 29 अगस्त से ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में खेला जाएगा।
उनके सामने अब भारतीय टीम के प्रदर्शन में सुधार लाने की कठिन चुनौती होगी। भारत का पिछले कुछ महीनो में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। भारतीय टीम 10 जून को एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के एक मैच में निचली रैंकिंग वाली हांगकांग से 0-1 से हार गई थी। उस पर अब 2027 में होने वाली महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने से चूकने का खतरा मंडरा रहा है। सीएएफए नेशंस कप के बाद भारत नौ और 14 अक्टूबर को सिंगापुर के खिलाफ एएफसी एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के मैच खेलेगा।
कुवैत में जन्मे और भारत के पूर्व मिडफील्डर जमील उन दुर्लभ व्यक्तियों में से एक हैं जिन्होंने एक खिलाड़ी (2005 में महिंद्रा यूनाइटेड के साथ) और एक कोच (2017 में Aizawl FC के साथ) के रूप में भारत के शीर्ष डिवीजन का खिताब जीता है। उनके पास AFC प्रो लाइसेंस है। उन्होंने भारतीय फुटबॉल के सभी स्तरों पर टीमों का प्रबंधन किया है। 2023-24 सीजन के दौरान उन्होंने जमशेदपुर एफसी की कमान संभाली। उन्होंने सुपर कप सेमीफाइनल, टूर्नामेंट में उपविजेता और आईएसएल प्लेऑफ में जगह दिलाई।
उनकी सफलता ने उन्हें दो साल का विस्तार दिलाया, जो आईएसएल में भारतीय कोचों के लिए एक दुर्लभ उपलब्धि है। भारतीय राष्ट्रीय कोच के रूप में जमील का पहला कार्यभार एक कठिन परीक्षा होगी। फीफा रैंकिंग में वर्तमान में 133वें स्थान पर काबिज भारत इस महीने के अंत में CAFA नेशंस कप में गत चैंपियन ईरान और 2023 एशियाई कप क्वार्टर फाइनलिस्ट ताजिकिस्तान के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेगा। हालांकि यह टूर्नामेंट फीफा की समय सीमा से बाहर है।