Meta Smartwatch : मशहूर टेक कंपनी मेटा एक बार फिर से स्मार्टवॉच बाजार में कदम रखने की तैयारी में है। यह वही स्मार्टवॉच प्रोजेक्ट है जिसे कंपनी ने साल 2021 में शुरू किया था लेकिन कुछ समय बाद ही रोक दिया गया था। उस वक्त कंपनी ने इस प्रोजेक्ट का कोडनेम ‘Milan‘ रखा था और इसे एक राउंड स्क्रीन, फ्रंट-फेसिंग कैमरा और कंट्रोल बटन के साथ पेश करने की योजना थी। अब एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, Meta Smartwatch पर काम फिर से शुरू हो गया है और इसे सितंबर 2025 में Meta AI Glasses के साथी डिवाइस के रूप में पेश किया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा इस स्मार्टवॉच प्रोजेक्ट को 17-18 सितंबर के बीच अमेरिका में होने वाले मेटा कनेक्ट सम्मेलन में पेश कर सकती है। चीन की हुआकिन टेक्नोलॉजी को इस स्मार्टवॉच का मैन्युफैक्चरर बताया जा रहा है।
इस स्मार्टवॉच की सबसे खास बात होगी इसका बिल्ट-इन कैमरा, जो इसे अन्य वॉचेस से अलग बनाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, कैमरे की मदद से इसमें AI फीचर्स को और ज्यादा स्मार्ट बनाया जा सकता है। इससे यूजर वॉच के जरिए फोटो खींचने, वीडियो कॉल करने और AI से जुड़ी कई सुविधाओं का फायदा मिलेगा। पहले सामने आए डिजाइन के अनुसार, इसमें स्क्रीन किनारों से राउंड होगी और डिस्प्ले के नीचे कैमरा लगा होगा। स्मार्टवॉच में राइड साइड में फिजिकल बटन भी शामिल रहेगा।
हालांकि यह अभी कंफर्म नहीं है कि स्मार्टवॉच इसी इवेंट में लॉन्च होगी या फिर सिर्फ पेश की जाएगी। कंपनी ने फिलहाल इसकी आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है।
क्यों रोका गया था पिछला प्रोजेक्ट?
जून 2022 में यह प्रोजेक्ट रोक दिया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्मार्टवॉच में जो दूसरा कैमरा लगाया गया था, वह उस खास फीचर के साथ दिक्कत कर रहा था जो कलाई की नसों की हरकत को पहचानकर उसे डिजिटल कमांड यानी स्क्रीन पर एक्शन में बदलने का काम करता है।