WhatsApp New Feature: अगर आप WhatsApp यूजर हैं और आपको कम रोशनी में फोटो क्लिक करने में समस्या आती है तो अब इसकी चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने अपने कैमरा इंटरफेस में एक नया अपडेट किया है। जिसमें Night Mode नाम का खास फीचर शामिल किया गया है। फिलहाल यह नया बदलाव बीटा वर्जन 2.25.22.2 के तहत Android यूजर्स के लिए ही जारी किया गया है और जल्द ही सभी के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
क्या है ये नया नाइट मोड फीचर?
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp अपने कैमरा फीचर को ज्यादा स्मार्ट बनाने के लिए Night Mode का ऑप्शन लेकर आया है, जिसके तहत कम रोशनी या अंधेरे में भी अच्छी फोटो क्लिक की जा सकती है। यानी यूजर्स को अब WhatsApp कैमरा से अंधेरे में भी क्लियर फोटो मिलेगी। इसका मतलब है कि अब अच्छी फोटो के लिए किसी थर्ड-पार्टी कैमरा ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।
चांद के आइकन के रूप में दिखेगा नाइट मोड फीचर
बता दें कि कैमरे में यह नाइट मोड फीचर एक चांद के आइकन के रूप में दिखाई देगा, जो तभी एक्टिव होगा जब आप किसी डार्क एनवायरनमेंट में कैमरा से फोटो लेना चाहते हैं। इस बटन को टैप करने के बाद नाइट मोड ऑन हो जाएगा और इसकी मदद से ली गई फोटो ज्यादा डिटेल और क्लैरिटी के साथ दिखाई देगी।
ये कोई साधारण फिल्टर नहीं
यहां ध्यान देना जरूरी है कि यह कोई फिल्टर या इमेज इफेक्ट नहीं है, बल्कि WhatsApp ने बस एक सॉफ्टवेयर-बेस्ड सुधार किया है। यह फीचर एक्सपोजर को बैलेंस करता है, नॉइज कम करता है और ब्राइटनेस को बढ़ाता है, जिससे फोटो ज्यादा प्रोफेशनल और अच्छी नजर आती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर फोटो क्लिक करते समय शैडो एरिया में भी डिटेल्स को कैप्चर करता है। यह नया अपडेट खासकर उन यूजर्स के लिए बहुत उपयोगी है जो देर रात स्टेटस पोस्ट करते हैं या इनडोर कम लाइटिंग में फोटो लेना पसंद करते हैं।
कैमरा को मैनुअली ऑन करना पड़ेगा
हालांकि, यह फीचर ऑटोमैटिक नहीं है यानी खुद लाइट देखकर एक्टिव नहीं होता, यूजर को मैनुअली इसे ऑन करना पड़ेगा। यह सुविधा उस समय में काम आएगी जब यूजर के पास एक्सटर्नल लाइट न हो और फिर भी वह बेहतर रोशनी और क्वालिटी के साथ फोटो लेना चाहता हो।
Night Mode ऑप्शन से पहले WhatsApp ने कैमरा इंटरफेस में यूजर्स के लिए इफेक्ट्स और फिल्टर्स जोड़े थे, लेकिन इस नए फीचर ने कैमरे की क्वालिटी को नया स्तर दिया है। आने वाले हफ्तों में यह अपडेट और ज्यादा यूजर्स तक पहुंचने वाला है।