Air India Crash: 'कोई बड़ी सुरक्षा चिंता नहीं...'; एयर इंडिया बोइंग 787 को DGCA से मिली क्लीन चिट

Ahmedabad Plane Crash: समीक्षा बैठक में डीजीसीए ने एयर इंडिया में हाल में सामने आए रखरखाव संबंधी मुद्दों के बारे में चिंता जताई। अहमदाबाद में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद 13 जून को डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया। इसमें 787-8 के 26 और 787-9 के सात विमान शामिल हैं

अपडेटेड Jun 18, 2025 पर 1:54 PM
Story continues below Advertisement
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी

Ahmedabad Plane Crash: डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने कहा है कि एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है। 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन जाने वाली फ्लाइट AI 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर गहन जांच के दायरे में आ गए है। बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों से संचालित होने वाली कम से कम 66 उड़ानों को रद्द किए जाने के बीच डीजीसीए अधिकारियों ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक में डीजीसीए ने एयर इंडिया में हाल में सामने आए रखरखाव संबंधी मुद्दों के बारे में चिंता जताई। अहमदाबाद में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद 13 जून को डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया। इसमें 787-8 के 26 और 787-9 के सात विमान शामिल हैं। अहमदाबाद में 12 जून को हुई विमान दुर्घटना में 241 यात्रियों की मौत हो गई थी।

पीटीआई के मुताबिक डीजीसीए ने एक बयान में कहा, "एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की हाल में की गई निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। विमान और उससे संबंधित रखरखाव सिस्टम मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गई।" इसने कहा कि एयर इंडिया ने 12 जून से 17 जून के बीच बोइंग 787 से संचालित होने वाली 66 उड़ानें रद्द की हैं। इस अवधि के दौरान, एयरलाइन ने B787 के साथ 248 उड़ानें संचालित कीं।


रखरखाव से संबंधित मुद्दों को दूर करने के लिए डीजीसीए ने टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली विमानन कंपनियों को कुछ निर्देश जारी किए हैं। बयान में कहा गया, "विमानन कंपनी को इंजीनियरिंग, परिचालन, रखरखाव इकाइयों में आंतरिक समन्वय को मजबूत करने और इस तरह की खामियों के कारण विमान संचालन में होने वाली देरी को कम करने के लिए अतिरिक्त विमान उपलब्धता सुनिश्चित करें और नियमों का सख्ती से पालन करें।"

एयर इंडिया और एयअर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 1,000 से अधिक उड़ानें संचालित करते हैं। बैठक एयरलाइन कंपनियों की परिचालन क्षमता की समीक्षा करने और सुरक्षा तथा यात्री सेवा विनियमों के साथ निरंतर अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए बुलाई गई थी। इस बीच, ईरानी हवाई क्षेत्र के बंद होने से यूरोपीय और खाड़ी देशों के लिए भारतीय एयरलाइन कपनियों की उड़ानों का संचालन भी बाधित हुआ है।

बयान में कहा गया, "हाल में हवाई क्षेत्र, खास तौर पर ईरानी हवाई क्षेत्र बंद होने के प्रभाव की समीक्षा की गई। हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उड़ानों के मार्ग परिवर्तित किए गए, देरी हुई और उड़ानों को रद्द करना पड़ा है।"

ये भी पढ़ें- Air India Flight News: बाली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट वापस दिल्ली लौटी, ज्वालामुखी विस्फोट के बाद एयरलाइन ने लिया फैसला

इसमें कहा गया, "ऑपरेटरों से यात्रियों और चालक दल के साथ समय पर संवाद सुनिश्चित करने और व्यवधानों को कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग की रणनीति अपनाने को कहा गया है।" डीजीसीए ने यह भी कहा कि यात्रियों को देरी और उड़ान के रद्द करने के बारे में पहले से ही सूचित किया जाना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।