Bank Robbery: सूरत में फिल्मी अंदाज में बैंक डकैती! SBI के स्टाफ और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बनाया बंधक, फिर ₹52 लाख लेकर हुए फरार

Surat Bank Robbery: गुजरात पुलिस ने बताया कि दिन-दहाड़े हुई इस लूट की घटना में हथियारबंद लुटेरों ने सोमवार दोपहर सूरत शहर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक ब्रांच को निशाना बनाया। उन्होंने स्टाफ और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर धमकाकर 52 लाख रुपये नकद लूटे और स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर फरार हो गए

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 10:07 AM
Story continues below Advertisement
Surat Bank Robbery: सूरत में एसबीआई की ब्रांच से हथियारबंद लुटेरों ने 52 लाख रुपये नकद लूटे

Surat Bank Robbery: गुजरात के सूरत शहर में सोमवार (27 अप्रैल) को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक ब्रांच को हथियारबंद लुटेरों के एक गैंग ने दिनदहाड़े निशाना बनाया। अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक के दम पर धमकाकर 52 लाख रुपये कैश लूट लिए। पुलिस डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) आलोक कुमार ने बताया कि पांच लोगों के गैंग ने कथित तौर पर बैंक के 'अलार्म सिस्टम' को बंद कर दिया। फिर SBI कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों से मोबाइल फोन छीन लिए ताकि वे अधिकारियों को सूचित न कर सकें।

उन्होंने बताया कि यह लूट शहर के वराछा इलाके में स्थित SBI की ब्रांच में हुई। अधिकारी ने पत्रकारों को बताया, "प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि लगभग 52 लाख रुपये कैश लूटे गए। हम फिलहाल सटीक राशि की पुष्टि कर रहे हैं।" कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पांच आरोपियों की मौजूदगी का पता चला है। लेकिन इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

पुलिस ने बताया कि दिन-दहाड़े हुई इस लूट की घटना में हथियारबंद लुटेरों ने स्टाफ और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर धमकाकर कैश लूटे। फिर स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूरत के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस आलोक कुमार ने बताया कि CCTV फ़ुटेज में पांच आरोपियों की मौजूदगी सामने आई है। लेकिन इस वारदात में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।


लूटपाट की बड़ी बातें

  • पुलिस के अनुसार, लुटेरे दोपहर में बैंकिंग वर्किंग टाइम के दौरान अचानक हथियारों को लहराते हुए ब्रांच में घुस आए। उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर लिया। फिर उन्हें एक कोने में धकेल दिया और बंधक बना लिया। इसके बाद, वे स्ट्रॉन्ग रूम और कैश काउंटरों की ओर बढ़ गए।
  • शुरुआती अनुमानों से पता चलता है कि लुटेरे लगभग 52 लाख रुपये नकद ले जाने में सफल रहे। वे पलक झपकते ही गायब हो गए। यह पूरी वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि आस-पास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
  • सूरत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित वराछा इलाके से पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया। फिर लुटेरों को पकड़ने के लिए शहर के सभी आने-जाने के रास्तों को बंद कर दिया गया।
  • पुलिस इलाके के CCTV फुटेज से लुटेरों की शारीरिक बनावट के साथ-साथ उनके वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों का विश्लेषण कर रही है। DCP आलोक कुमार ने बताया कि कैश कैशियर से और परिसर में कैश-इन-ट्रांजिट वाहन द्वारा लाए गए कैश जमा बॉक्स से लूटा गया था।

ये भी पढ़ें- Viral News: भाई ने कब्र से खोदकर निकाला मरी हुई बहन का कंकाल, ₹19,300 के लिए शव लेकर पहुंच गया बैंक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।