वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों से जूझ रही इलेक्ट्रिक राइड-हेलिंग स्टार्टअप ब्लूस्मार्ट में जानी-मानी हस्तियों ने पैसे लगाए हैं। ब्लूस्मार्ट अनमोल सिंह जग्गी की कंपनी है जो इस समय बाजार नियामक सेबी की रडार पर हैं और सेबी ने उन्हें किसी लिस्टेड कंपनी ने अहम पद लेने पर रोक लगा दिया है। ब्लूस्मार्ट की बात करें तो इसमें अनमोल सिंह जग्गी के निवेश पर सेबी की नजर है और सामने आ रहा है कि इस स्टार्टअप में अश्नीर ग्रोवर के साथ-साथ एमएस धोनी और दीपिका पादुकोण जैसी दिग्गज हस्तियों ने भी पैसे लगाए हैं।
BluSmart में दिखी थी हाई-प्रोफाइल दिलचस्पी
ब्लूस्मार्ट में एमएस धोनी, दीपिका पादुकोण, संजीव बजाज और अश्नीर ग्रोवर ने हिस्सेदारी ली है। दीपिका पादुकोणे के फैमिली ऑफिस ने वर्ष 2019 में ब्लूस्मार्ट के 30 लाख डॉलर के एंजल फंडिंग राउंड में हिस्सा लिया था। बजाज कैपिटल के एमडी संजीव बजाज ने भी JITO एंजल नेटवर्क और रजत गुप्ता के साथ मिलकर उसी राउंड में इसमें निवेश किया था। इसके बाद वर्ष 2024 में ब्लूस्मार्ट ने प्री-सीरीज बी फंडिंग में 2.4 करोड़ डॉलर जुटाए, जिसमें एमएस धोनी के फैमिली ऑफिस, रीन्यू पावर के सीईओ सुमंत सिन्हा और स्विस एसेट मैनेजमेंट फर्म रेस्पॉन्सएबिलिटी इन्वेस्टमेंट्स ने हिस्सा लिया था। भारतपे के फाउंडर अश्नीर ग्रोवर ने X (पूर्व नाम Twitter) पर दावा किया कि उन्होंने भी ब्लूस्मार्ट में 1.5 करोड़ रुपये डाले हैं।
फिलहाल बंद है ब्लूस्मार्ट की सर्विसेज
इलेक्ट्रिक कैब कंपनी ब्लूस्मार्ट ने फिलहाल दिल्ली एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु में अपनी सर्विसेज बंद कर दी है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने एक पैसेंजर एडवायजरी में कहा कि एयरपोर्ट पर ब्लूस्मार्ट की सर्विसेज अस्थायी तौर पर बंद कर दी गई हैं। इसके कारोबार को झटका सेबी की कार्रवाई से लगा है। सेबी की जांच में सामने आया कि अनमोल सिंह जग्गी ने ईवी खरीदने के लिए जुटाए गए जेनसॉन के पैसों का गलत इस्तेमाल किया और इससे लग्जरी अपार्टमेंट खरीद लिया। सेबी की जांच में ₹200 करोड़ से अधिक की हेराफेरी का पता चला है।