Northeast Rains: भारी बारिश ने मचाई तबाही, सिक्किम में 1500 पर्यटक फंसे, असम के कई हिस्सों में बाढ़, भूस्खलन से 8 मौतें
मिजोरम में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मकान ढहने से म्यांमार के 3 शरणार्थियों समेत 4 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई है
बादल फटने से हुई भारी वर्षा के कारण तीस्ता नदी का जल स्तर बढ़ गया है।
देश के नॉर्थईस्ट रीजन में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मुख्य रास्ते के बाधित हो जाने से शनिवार को उत्तर सिक्किम के कई हिस्सों में करीब 1,500 पर्यटक फंस गए। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया है कि भारी बारिश के कारण लापता 8 पर्यटकों की तलाश में बाधा आई और तीस्ता नदी में जल स्तर बढ़ने के बाद अंततः तलाश अभियान स्थगित कर दिया गया। चुंगथांग को लाचेन और लाचुंग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थान स्थानों पर भूस्खलन की घटना हुई।
मंगन जिले में तीस्ता नदी में गुरुवार रात एक व्हीकल के गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि 8 अन्य लापता हैं। लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास यह व्हीकल 1,000 फुट से अधिक गहराई में नदी में गिर गया था। खोजी दल ने दुर्घटना स्थल के पास नदी के किनारे से चार पहचान पत्र और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
लाचेन में 115 और लाचुंग में 1,350 पर्यटक फंसे
मंगन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया का कहना है कि लाचेन में 115 पर्यटक और लाचुंग में 1,350 पर्यटक फंसे हुए हैं। उनके मुताबिक, ‘‘कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण दोनों ओर से निकलने के रास्ते बंद हैं, इसलिए पर्यटकों को अपने होटलों में ही ठहरने की सलाह दी गई है और सड़कें पूरी तरह खुल जाने के बाद उन्हें शिफ्ट कर दिया जाएगा।’’ अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को बाधित हुई बिजली सप्लाई शनिवार शाम बहाल हो गई, जबकि रविवार तक पीने के पानी की सप्लाई बहाल करने के प्रयास जारी हैं। करीब 24 घंटे बाद शनिवार को दोपहर लगभग 3 बजे मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बहाल हो सकीं। क्षेत्र में बादल फटने से हुई भारी वर्षा के कारण तीस्ता नदी का जल स्तर बढ़ गया है।
मेघालय में बिजली गिरने से 2 लड़कियों की मौत
मेघालय में शनिवार को पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले में बिजली गिरने से दो लड़कियों की मौत हो गई। री-भोई जिले में एक व्यक्ति डूब गया। मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। पिछले तीन दिनों में राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई है। भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब 1,100 गांवों में से 49 गांव प्रभावित हुए हैं।
असम के कई हिस्सों में बाढ़, भूस्खलन में 8 लोगों की मौत
असम में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने और बाढ़ के कारण 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। इससे 78 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के पश्चिमी भाग में तीन जिलों में रेड अलर्ट है और आठ अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के ऊपरी इलाकों से आने वाले वर्षा जल ने राज्य में बाढ़ की स्थिति को और गंभीर कर दिया है। पांच लोगों की मौत कामरूप महानगर जिले में हुई हैं। गुवाहाटी में जलभराव होने की खबर है और कई इलाके दूसरे दिन भी जलमग्न रहे।
बचावकर्मी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं, जबकि निवासियों को अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ रहा है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के शहरी कार्य मंत्री जयंत मल्ला बरुआ और शीर्ष अधिकारियों ने मौजूदा स्थिति समेत सरकार के आपातकालीन प्रतिक्रिया उपायों का रिव्यू करने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। बाढ़ के कारण गोलाघाट में दो और लखीमपुर में एक व्यक्ति समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बाढ़ प्रभावित जिले धेमाजी, दक्षिण सलमारा, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, दरांग, नागांव, कार्बी आंगलोंग, कामरूप, बिश्वनाथ, तिनसुकिया और कार्बी आंगलोंग पश्चिम हैं। बाढ़ से 58 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित 1,224 लोगों ने पांच राहत शिविरों में शरण ली है। 11 अन्य राहत वितरण केंद्र भी खोले गए हैं।
मिजोरम में म्यांमार के 3 शरणार्थियों समेत 4 लोगों की मौत
मिजोरम में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मकान ढहने से म्यांमार के 3 शरणार्थियों समेत 4 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया है कि इस मानसून में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में म्यांमार सीमा के पास वाफाई गांव में शनिवार तड़के हुए भीषण भूस्खलन में म्यांमा के एक परिवार के 34 से 71 वर्ष की आयु के तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पड़ोसी देश में सैन्य तख्तापलट के बाद 2021 से ही परिवार गांव में शरण लिए हुए था, घायल व्यक्ति को फरकॉन के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
मिजोरम की राजधानी आइजोल से लगभग 114 किलोमीटर दूर सेरछिप जिले में शनिवार को एक अलग घटना में भूस्खलन के कारण एक मकान ढह जाने से 53 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पीड़ित ने सेरछिप जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। शुक्रवार को आइजोल के थुआम्पुई इलाके में एक मजदूर शिविर पर दीवार गिरने से 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। मिजोरम में शुक्रवार से भारी बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुई हैं।
सेरछिप जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कम से कम 13 घर या तो ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक, जिले में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण 20 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य के दक्षिणी भाग की यात्रा करने वाले कई यात्री भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त होने से सेरछिप कस्बे में फंस गए हैं।
अरुणाचल प्रदेश में अचानक बाढ़ और भूस्खलन से 9 लोगों की मौत
अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई है। पूर्वी कामेंग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 13 के बाना-सेप्पा खंड पर शुक्रवार देर रात भूस्खलन के कारण एक व्हीकल के सड़क से बहकर खाई में गिर जाने से दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। निचला सुबनसिरी जिले में एक अन्य घटना में जीरो-कामले मार्ग पर पाइन ग्रूव क्षेत्र के निकट एक खेत में भूस्खलन होने से दो मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य को बचा लिया गया।
ऊपरी सुबनसिरी में सिगिन नदी के उफान पर आने से जिला मुख्यालय दापोरिजो में अचानक आई बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। जिले में 117 से अधिक मकान और कई जरूरी ढांचे खराब मौसम की वजह से प्रभावित हुए हैं। मियोंग नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, हालांकि यह अभी खतरे के निशान से नीचे है।