BTS स्टार Jungkook के साथ कैसे हुआ था लाखों डॉलर का फ्रॉड, क्या वापस मिले पैसे?

BTS स्टार जंगकुक के साथ 6.3 मिलियन डॉलर (8.44 अरब कोरियाई वॉन) का फाइनेंशियल फ्रॉड हुआ था। इसे उनकी जानकारी के बिना HYBE स्टॉक्स ट्रांसफर कर दिए गए। इस मामले में फरवरी 2025 में कोर्ट ने फैसला सुनाया। आइए जानते हैं कि जंगकुक के साथ फ्रॉड कैसे हुआ था और क्या उन्हें अपने पैसे वापस मिले?

अपडेटेड Mar 23, 2025 पर 9:15 PM
Story continues below Advertisement
फ्रॉडस्टर ने जंगकुक के कुल 33,500 शेयर ट्रांसफर किए थे।

BTS के सुपरस्टार जंगकुक भारी फाइनेंशियल फ्रॉड के शिकार हुए थे। जंगकुक की जानकारी के बिना उनके HYBE स्टॉक्स का ट्रांसफर कर दिया गया था। HYBE दक्षिण कोरिया की मल्टीनेशनल एंटरटेनमेंट कंपनी है। इस धोखाधड़ी में 8.44 अरब कोरियाई वॉन (लगभग 6.3 मिलियन डॉलर) के शेयर शामिल थे। हैरानी की बात यह है कि घटना उस दौरान हुई, जब जंगकुक दक्षिण कोरिया में अपनी अनिवार्य सैन्य सेवा पूरी कर रहे थे। इस मामले में कोर्ट का फैसला भी आ गया है।

जंगकुक के साथ कैसे हुआ था फ्रॉड?

दक्षिण कोरियाई मीडिया आउटलेट Biz Hankook की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फ्रॉड 6 जनवरी 2024 यानी करीब एक साल पहले हुआ था। उस वक्त किसी अज्ञात शख्स ने जंगकुक की पहचान का इस्तेमाल करके तीन सिक्योरिटीज अकाउंट खोले और उनके HYBE स्टॉक्स को ट्रांसफर कर लिया।


फ्रॉडस्टर ने कुल 33,500 शेयर ट्रांसफर किए। इनमें से 33,000 शेयर (करीब 8.3 अरब वॉन) जंगकुक के नाम से बनाए गए एक अन्य अकाउंट में भेजे गए, जबकि 500 शेयर (1.26 करोड़ वॉन) किसी तीसरे व्यक्ति को बेच दिए गए थे।

किसने किया था Jungkook के साथ फ्रॉड?

इतनी बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए आरोपी के पास जंगकुक की निजी जानकारी होनी जरूरी थी। जैसे बैंकिंग क्रेडेंशियल्स, आईडी डिटेल्स और सिक्योरिटीज अकाउंट का एक्सेस। इससे संदेह होता है कि अपराधी कोई ऐसा व्यक्ति हो सकता है, जिसे पहले से इन जानकारियों की पहुंच थी।

BIGHIT Music ने तुरंत की कार्रवाई

जैसे ही इस धोखाधड़ी का पता चला, जंगकुक की मैनेजमेंट कंपनी BIGHIT Music ने तुरंत उनके सभी अकाउंट फ्रीज कर दिए थे। इससे और नुकसान होने से बचाया जा सका। मार्च 2024 में जंगकुक ने उस तीसरे पक्ष के खिलाफ कानूनी केस दायर किया, जिसने उनके चोरी हुए शेयर खरीदे थे।

जंगकुक के पक्ष में कोर्ट का फैसला

लगभग एक साल की कानूनी लड़ाई के बाद, फरवरी 2025 में सियोल वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने फैसला सुनाया कि चोरी किए गए शेयर जंगकुक को वापस किए जाएं। शुरुआत में तीसरे पक्ष ने इस फैसले को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन बाद में अपनी अपील वापस ले ली।

2025 में पूरा करेंगे सैन्य सेवा

जंगकुक ने दिसंबर 2023 में अपने साथी BTS सदस्य जिमिन के साथ मिलिट्री जॉइन की थी। वह 11 जून 2025 को अपनी सेवा पूरी कर लेंगे और BTS में वापसी करेंगे।

यह भी पढ़ें: अपने शेयर गिफ्ट या ट्रांसफर करना चाहते हैं? यहां जानिए स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।