Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने देश के कई हिस्सों में भयंकर बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, 26 जुलाई तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में मंगलवार तक और हिमाचल प्रदेश में बुधवार तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी इलाकों की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में भी भयंकर बारिश का पूर्वानुमान
देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का दौर देखने को मिलेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सोमवार तक भारी बारिश हो सकती है। पंजाब और जम्मू-कश्मीर में 24 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 26 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। वही पूर्वोत्तर भारत में नागालैंड और त्रिपुरा में सोमवार तक, अरुणाचल प्रदेश में मंगलवार तक, और असम व मेघालय में 26 जुलाई तक बहुत भारी बारिश की संभावना है।
दक्षिणी राज्यों में जारी रहेगा बारिश का कहर
दक्षिण भारत के लिए भी IMD ने भारी बारिश की चेतावनी दी है। तमिलनाडु में 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तेलंगाना में भी 24 जुलाई तक यही स्थिति बनी रह सकती है। केरल, माहे, तटीय और दक्षिणी कर्नाटक में 26 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में तेज हवा के साथ बारिश की है संभावना
IMD ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली-NCR में अगले 24 घंटों के भीतर मध्यम बारिश का अनुमान है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। फिलहाल दिल्ली का मौसम ज्यादातर बादल छाए रहने वाला है, जिसमें न्यूनतम तापमान 28°C रहने की उम्मीद है। IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है, जिसमें गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।