महुआ की लकड़ी से बने घरों के आगे फेल है सीमेंट की मजबूती! इसकी खासियत जान रह जाएंगे हैरान

Mahua Wood Durability: छतरपुर जिले के नेगुवां गांव में 500 साल पुराने महुआ की लकड़ी से बने घर आज भी मजबूत स्थिति में खड़े हैं। यह लकड़ी अपनी मजबूती और टिकाऊपन के लिए जानी जाती है। इसमें न दरार आती है और न ही दीमक या घुन का असर होता है, जो इसे बेहद खास बनाता है

अपडेटेड May 09, 2025 पर 1:04 PM
Story continues below Advertisement
Mahua Wood Durability: महुआ लकड़ी से बने घर 500 साल बाद भी मजबूत हैं

जब भी गांवों में मजबूत और टिकाऊ घरों की बात होती है, तो छतरपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में महुआ की लकड़ी का नाम सबसे पहले लिया जाता है। यह कोई नई परंपरा नहीं, बल्कि सदियों पुरानी वह तकनीक है, जो आज भी अपनी मजबूती और विश्वसनीयता के लिए जानी जाती है। महुआ का पेड़ जहां एक ओर स्वादिष्ट फल और औषधीय गुणों से भरपूर होता है, वहीं इसकी लकड़ी गांवों के कच्चे-पक्के मकानों की नींव में उपयोग की जाती रही है। बुजुर्गों का मानना है कि महुआ की लकड़ी समय के साथ सड़ती नहीं, दीमक नहीं लगती और न ही जल्दी कमजोर होती है।

यही वजह है कि आज भी छतरपुर के कई गांवों में मकान निर्माण के दौरान इसकी मांग बनी रहती है। यह परंपरा सिर्फ सांस्कृतिक नहीं, बल्कि टिकाऊ जीवनशैली और देसी ज्ञान की मिसाल भी है।

नेगुवां गांव का 500 साल पुराना घर आज भी है मजबूत


छतरपुर जिले के नेगुवां गांव में एक ऐतिहासिक मकान मौजूद है, जो करीब 500 साल पुराना है। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि जब गांव की स्थापना हुई थी, उसी समय ये घर, एक कुआं और राम-जानकी मंदिर बनाया गया था। इस घर में 365 महुआ लकड़ियों की बीम (करी) लगी हैं, जो आज भी बिल्कुल वैसी की वैसी हैं – मजबूत और स्थिर।

बिना सीमेंट और गाटर के बना दो मंजिला मकान

उस समय जब सीमेंट, गाटर या चीप जैसी आधुनिक सामग्री का नाम तक नहीं था, तब ये दोहरा खंड पूरी तरह महुआ की लकड़ी के सहारे खड़ा किया गया था। समय के साथ भले ही ऊपरी मंजिल को नुकसान पहुंचा हो, लेकिन निचला हिस्सा आज भी मजबूती से खड़ा है। घर के दरवाजे और बीम अब भी अपनी ताकत का प्रमाण दे रहे हैं।

महुआ लकड़ी की खासियत

महुआ की लकड़ी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि इसमें दीमक या घुन नहीं लगता। ग्रामीणों का कहना है कि ये लकड़ी बहुत टिकाऊ होती है और बरसों तक खराब नहीं होती। यही वजह है कि पुराने समय में जब भी गांवों में घर बनाए जाते थे, तो महुआ की लकड़ी का प्राथमिकता से इस्तेमाल होता था।

आज भी ग्रामीण इलाकों में जीवित है ये परंपरा

हालांकि समय के साथ आधुनिक निर्माण सामग्री ने गांवों तक पहुंच बना ली है, लेकिन छतरपुर जैसे इलाकों में महुआ से बने घर आज भी परंपरा की मिसाल बने हुए हैं। गांवों में महुआ के पेड़ अब भी मौजूद हैं और कुछ ग्रामीण अब भी इसके उपयोग से टिकाऊ मकान बना रहे हैं। ये न सिर्फ हमारे पूर्वजों की समझदारी को दर्शाता है, बल्कि ये पर्यावरण के अनुकूल निर्माण तकनीक का एक बेहतरीन उदाहरण भी है।

Full Moon Ghee: नितिन कामत के निवेश वाले स्टार्टअप की सोशल मीडिया पर हुई किरकिरी, वेबसाइट से नदारद हुआ प्रोडक्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।