ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बीते 10 दिनों से जंग जारी है। इस जंग का असर अब दुनियाभर में दिखना शुरू हो गया है। वहीं जब से इस जंग की शुरुआत हुई है, तब से सोशल मीडिया पर लोग लगातार लिख रहे हैं कि, क्या 2026 तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत का साल साबित होगा? क्योंकि इस साल के पहले ही दिन अमेरिका ने मेक्सिको में एक बड़े सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया था। वहीं दुनिया भर में जारी जंग के माहौल के बीच अब एक और डराने वाली खबर सामने आई है।
मेक्सिको में दिखी ये मछली
क्या पूरी दुनिया में तबाही मचने वाली है? ये सारे सवाल उठ रहे हैं एक मछली पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है और इसे लेकर नेटिजन्स कुछ ऐसी ही चिंता जाहिर कर रहे हैं। दरअसल, समुद्र की गहराइयों में रहने वाली एक रहस्यमयी मछली अचानक मेक्सिको के काबो सैन लुकास बीच के पास दिखी तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। आमतौर पर हजारों फीट गहराई में रहने वाली यह लंबी और चमकदार मछली किनारे के पास तैरती नजर आई। जैसे ही लोगों ने इसे देखा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करने लगे और देखते ही देखते यह वायरल हो गई।
गहरे समुद्र में रहने वाली दो दुर्लभ ओरफिश उथले पानी में फंसी हुई दिखाई दीं। इन मछलियों को अक्सर “डूम्सडे फिश” भी कहा जाता है। आमतौर पर ये लंबी और रिबन जैसी दिखने वाली मछलियां समुद्र की सतह से करीब 3,000 फीट नीचे रहती हैं, इसलिए इनका बीच के पास दिखना बहुत ही दुर्लभ माना जाता है। यह घटना तब सामने आई जब मोनिका पिटेंजर और उनके भाई-बहन काबो सान लुकास के समुद्र तट पर थे। उन्होंने दूर से पानी में कुछ चमकता हुआ देखा। रिपोर्ट के मुताबिक, पास जाकर उन्होंने एक ओरफिश को देखा और उसे दोबारा गहरे पानी में जाने में मदद करने के लिए आगे बढ़े।
मोनिका पिटेंजर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए इस अनोखे अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें दूर पानी में कुछ चमकता हुआ दिखाई दिया। वह चीज बहुत तेज चमक रही थी। जब वे उसके पास पहुंचे, तो उन्हें लगा कि उन्होंने पहले कभी ऐसा जीव नहीं देखा है, इसलिए उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि यह सच में मौजूद है। पिटेंजर ने बताया कि उनकी बहन ने जब मछली को परेशानी में देखा, तो वह तुरंत उसकी मदद करने के लिए आगे बढ़ गई। उस समय उसके पास एक छोटी लड़की भी थी। पिटेंजर ने याद करते हुए कहा कि आसपास कई लोग खड़े थे, लेकिन उनकी बहन ने जल्दी से अपना फोन, ड्रिंक और बैग उन्हें पकड़ाया और कहा कि इसे संभालो, ताकि वह मछली को समुद्र में वापस जाने में मदद कर सके।
लोग क्यों मानते हैं 'शापित'
इस मछली को वैज्ञानिक भाषा में रेगलेकस ग्लेसने कहा जाता है, लेकिन आम तौर पर इसे ओरफ़िश कहा जाता है। इसकी दुर्लभता और अजीब बनावट के कारण इसे लेकर कई तरह के मिथक और डर फैलते रहे हैं। स्थानीय लोगों को याद है कि बड़े भूकंपों से पहले भी ओरफ़िश देखी गई थी। सबसे ज़्यादा चर्चा 2011 की उस घटना की होती है, जब जापान में भयानक भूकंप और सुनामी आई थी और उससे पहले कई ओरफिश नजर आई थीं। इसी तरह की घटनाएं मैक्सिको में भी बताई गई हैं, जहां बड़े भूकंपों से पहले इस मछली के दिखने की खबरें सामने आई थीं। बता दें कि, बीते साल तमिलनाडु के तट पर भी ये मछली दिखाई दी थी।
जापानी लोककथाओं में माना जाता है कि ओरफिश समुद्र के नीचे भूकंप के झटकों की वजह से सतह पर आ जाती है। इसी वजह से बहुत से लोग आज भी इसे किसी अनहोनी या आपदा का संकेत मानते हैं। हालांकि, वैज्ञानिकों का कहना है कि ओरफिश का शकुन-अपशकुन से कोई लेना-देना नहीं है। ओरफिश तभी सतह पर आती है, जब ये बीमार होती है या रास्ता भटक जाती है। ऐसे में किनारे आने पर इसकी मौत हो जाती है।