मेघालय में हुए चौंकाने वाले हनीमून हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, एक नया नाम -जितेंद्र रघुवंशी- चर्चा में आया है, जिससे चल रही जांच में एक और नया मोड़ आ गया है। जितेंद्र कथित तौर पर वो व्यक्ति है, जिसके बैंक अकाउंट का इस्तेमाल सोनम रघुवंशी ने 23 मई को अपने पति राजा रघुवंशी के भाड़े के हत्यारों को शुरुआती पेमेंट करने के लिए किया था। इस वित्तीय संबंध ने अब उसे जांच के दायरे में ला दिया है, जिससे मामले में एक नया मोड़ आ गया है।
सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए पुष्टि की कि जितेंद्र उनके चचेरे भाई हैं। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आगे दावा किया कि सोनम का UPI अकाउंट जितेंद्र के नाम पर रजिस्टर्ड था। हालांकि. उन्होंने यह नहीं बताया कि यह उनके नाम से क्यों नहीं बनाया गया।
इस खुलासे के बाद, हवाला लेन-देन और परिवार के व्यापारिक लेन-देन से जुड़े संभावित संबंधों को लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं। हालांकि, गोविंद ने इन दावों का खंडन करते हुए द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि जितेंद्र उनके परिवार के कारोबार में महज एक जूनियर कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र के अकाउंट में परिवार का पैसा था और नियमित रूप से इसका इस्तेमाल व्यापारिक लेन-देन के लिए किया जाता था।
इस बीच, मेघालय पुलिस ने राजा की हत्या के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है- सोनम (Sonam), उसका कथित प्रेमी राज कुशवाह और तीन अन्य: विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी। सभी पांचों को हिरासत में लिया गया और बुधवार को आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब जितेंद्र का नाम सामने आने से साजिश के पीछे वित्तीय सुराग के बारे में और सवाल उठते हैं।
सोनम रघुवंशी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी राज कुशवाह और तीन भाड़े के आदमियों के साथ मेघालय में अपने हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। कथित तौर पर उसने अपने चचेरे भाई जितेंद्र रघुवंशी के नाम पर रजिस्टर्ड UPI अकाउंट का उपयोग करके 23 मई को हत्यारों को पहली पेमेंट की।
राजा की मौत के बाद सोनम के बयानों में गड़बड़ी ने शक पैदा किया। शिलांग पुलिस ने सबूतों के साथ उसका सामना कराया, जिससे उसका कबूलनामा सामने आया। सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड पर मेघालय भेज दिया गया।