Rinku-Priya Wedding News: भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर बल्लेबाज रिंकू सिंह की उत्तर प्रदेश की मछली शहर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद प्रिया सरोज से नवंबर में होने वाली शादी की फिलहाल टल गई है। सरोज के पिता ने बताया कि कपल की शादी की तारीख टल गई है। अब यह शादी 18 नवंबर को वाराणसी में नहीं होगी। खबर है कि दोनों की शादी अब तय तारीख से तीन महीने बाद फरवरी 2026 में हो सकती है। हालांकि, अभी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में होनी तय थी, लेकिन अब इस तारीख को दोनों सात फेरे नहीं लेंगे।
शादी टलने की वजह रिंकू सिंह की घरेलू क्रिकेट में व्यस्तता बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधायक सरोज के पिता ने शादी टलने की खबर को कंफर्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि दामाद दो-तीन महीने क्रिकेट में बिजी हैं। खबरों की मानें तो शादी की अगली तारीख जल्द तय की जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल रिंकू सिंह का क्रिकेट शेड्यूल बेहद व्यस्त रहने वाला है। इसी के चलते नवंबर महीने में शादी होने पर वे समारोह का लुत्फ पूरी तरह नहीं ले पाते। इस वजह से शादी की तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की 8 जून को लखनऊ में सगाई हुई थी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक होटल में आयोजित भव्य सगाई समारोह में क्रिकेट, राजनीति और सिनेमा जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थी। क्रीम कलर की शेरवानी पहने रिंकू सिंह और हल्के गुलाबी रंग के लहंगे में सजी प्रिया कार्यक्रम में मौजूद लोगों की मुबारकबाद और अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच पर पहुंचे। फिर उन्होंने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इस दौरान प्रिया खासी भावुक नजर आईं।
इस अवसर पर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव, पार्टी मुख्य महासचिव रामगोपाल यादव, महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और मोहिबुल्लाह नदवी भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सपा राज्यसभा सदस्य अभिनेत्री जया बच्चन और पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी प्रवीण कुमार और पीयूष चावला समेत अनेक हस्तियां मौजूद थीं।
दोनों पक्षों के परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और आमंत्रित विशिष्ट लोग भी मौजूद थे। इस खास कार्यक्रम में शाकाहारी व्यंजन ही परोसे गए। जौनपुर की प्रसिद्ध इमरती और बनारसी आलू दम, लखनऊ की प्रसिद्ध गुलाब की ठंडी खीर और अचारी सिगार रोल विशेष रूप से मेन्यू में शामिल था।
मुख्य भोजन में भारतीय व्यंजन ही बनाए गए। इस खास कार्यक्रम के मेनकोर्स में मलाई कोफ्ता, कढ़ाई पनीर और विभिन्न प्रकार की मिक्स चाइनीज स्टार्टर में मंचूरियन, स्प्रिंग रोल नूडल्स दिया गया। खास रूप से कुहाड़ा नाम का एक नारियल ड्रिंक भी मेहमानों को पिलाया गया। इस हाई प्रोफाइल सगाई में लगभग 300 मेहमान शामिल हुए।
वाराणसी के करखियांव गांव की मूल निवासी प्रिया सरोज कई वर्षों से समाजवादी पार्टी (सपा) में सक्रिय हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर जिले के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से जीतकर सांसद बनी। प्रिया पहली बार 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पिता तूफानी सरोज के प्रचार के दौरान लोगों की नजरों में आईं थीं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कला में डिग्री हासिल की है और नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की है।
रिंकू सिंह के बारे में जानें
प्रिया के होने वाले जीवनसाथी क्रिकेटर रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ में हुआ था। बेहद साधारण परिवार में जन्मे रिंकू ने मेहनत और लगन के दम पर क्रिकेट में अपना मुकाम बनाया है। आईपीएल 2023 में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में यश दयाल के एक ओवर में पांच छक्के लगाकर केकेआर को मैच जिताया था। इसके बाद वह रातों-रात हीरो बन गए। फिर उनकी काबिलियत से उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला। रिंकू भारतीय टीम में 2023 में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने दो वनडे मैचों में कुल 55 रन बनाए। इसके अलावा वह 33 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 546 रन भी बना चुके हैं।