Viral Video: लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टला! चिंगारी निकलने से मचा हड़कंप, 250 हज यात्री थे सवार

Viral Video: हज यात्रियों को ले जा रहे सऊदी एयरलाइंस के विमान में लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अचानक से तकनीकी गड़बड़ी आ गई। विमान के पहिए से चिंगारी और धुआं निकलने लगा, जिसके बाद तत्काल आपातकालीन प्रतिक्रिया की जरूरत पड़ी। यह विमान सऊदी के जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर लखनऊ लौटा था

अपडेटेड Jun 16, 2025 पर 11:01 AM
Story continues below Advertisement
Viral Video: लखनऊ एयरपोर्ट पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया

Lucknow Airport Viral Video: लखनऊ एयरपोर्ट पर सोमवार (16 जून) सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या SV 3112 की लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान पहिए में तकनीकी खराबी आने से चिंगारी और धुआं निकलने लगा। इससे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट कर्मचारियों की सतर्कता से सभी यात्रियों को विमान से समय रहते सुरक्षित उतार लिया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने 20 मिनट में ही स्थिति पर काबू पा लिया। इस फ्लाइट में 250 हज यात्री सवार थे।

हज यात्रियों को ले जा रहे सऊदी एयरलाइंस के विमान में लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अचानक से तकनीकी गड़बड़ी आ गई। विमान के पहिए से चिंगारी और धुआं निकलने लगा, जिसके बाद तत्काल आपातकालीन प्रतिक्रिया की जरूरत पड़ी। यह विमान सऊदी के जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर लखनऊ लौटा था।

आग का पता चलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को तुरंत सूचना दी। इसके बाद फौरन फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पा लिया। इसके बाद सभी हज यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।


सूत्रों के अनुसार, सऊदी विमान के सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे उतरने के बाद उसके पहिए से चिंगारी और धुआं निकलता देखा गया। फ्लाइट संख्या एसवी 3112 पिछली रात 10:45 बजे जेद्दा से 250 हज यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के साथ रवाना हुआ था।

यह घटना उस समय हुई जब विमान रनवे पर टैक्सी कर रहा था। पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया। फिर एयरपोर्ट की फायर और बचाव टीम ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, जिससे 20 मिनट के भीतर स्थिति पर काबू पा लिया गया।

बड़ा हादसा टला

प्रारंभिक जांच में हाइड्रोलिक सिस्टम में लीक को खराबी का कारण बताया गया है। विशेषज्ञों ने कहा कि लैंडिंग के दौरान यह गड़बड़ी मामूली थी। लेकिन अगर यह टेकऑफ के दौरान हुई होती तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। फिलहाल, सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह घटना अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 के दुखद हादसे के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जो टेकऑफ के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उस विमान में सवार सभी 241 लोग और जमीन पर 10 से ज्यादा लोग मारे गए थे। लगातार हो रही विमानन दुर्घटनाओं ने उड़ान सुरक्षा और विमान रखरखाव प्रोटोकॉल को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

ये भी पढ़ें- Lufthansa की फ्लाइट को नहीं मिली हैदराबाद में लैंडिंग की इजाजत, हवा में ही वापस जर्मनी लौटा विमान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।