सांपों को लेकर इंसानों की सोच हमेशा से दो ध्रुवों पर रही है—एक तरफ खौफ और दूसरी तरफ रहस्य। उनकी फुफकार, चमकती आंखें और जहर से भरी फुर्तीली चाल उन्हें खतरनाक बनाती है, लेकिन इनसे जुड़ी लोककथाएं और कहानियां उन्हें और भी रहस्यमयी बना देती हैं। खासकर उनकी उम्र को लेकर फैल चुकी मान्यताएं तो सुनकर हैरानी होती है। गांव-देहात से लेकर पौराणिक कथाओं तक में अक्सर ये कहा जाता है कि सांप 100 या 500 साल तक ज़िंदा रहते हैं। कुछ तो ये भी कहते हैं कि नागलोक के सांप अमर होते हैं।
लेकिन क्या इन बातों में कोई वैज्ञानिक सच्चाई भी है, या ये सिर्फ पीढ़ियों से चली आ रही कल्पनाएं हैं? आइए, जानने की कोशिश करते हैं कि असलियत में सांपों की उम्र कितनी होती है और कौन सी प्रजाति सबसे ज्यादा समय तक जीवित रह सकती है।
सांपों के जीवन को मुख्य रूप से तीन चरणों में बांटा गया है:
अधिकतर मादा सांप एक बार में कई अंडे देती हैं और कुछ प्रजातियां तो सीधे बच्चों को जन्म भी देती हैं, जैसे रैटलस्नेक और बोआ कॉन्स्ट्रिक्टर। अंडों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी मादा की होती है जब तक कि उनमें से छोटे-छोटे सपोलें बाहर न निकलें।
मुख्य रूप से 50 से 55 दिनों में अंडों से सपोले बाहर आ जाते हैं। हालांकि कुछ प्रजातियों में ये समय 40 से 70 दिन के बीच होता है। जब बच्चे बाहर आते हैं, तो मादा उन्हें ज्यादा समय तक नहीं संभालती – वे खुद ही कीड़े-मकोड़े खाकर एक साल में चार गुना बड़े हो जाते हैं।
सपोलों को पूरी तरह वयस्क होने में 2 से 4 साल लगते हैं। वयस्क सांप खुद शिकार करना सीख जाते हैं। कई सांप तो अपनी ही प्रजाति के दूसरे सांपों को भी शिकार बना लेते हैं। जैसे-जैसे वे बड़े होते हैं, वे साल में 2 या उससे ज्यादा बार अपनी केंचुल भी उतारते हैं।
तो क्या वाकई सांप 500 साल तक जीते हैं?
ये सबसे बड़ा मिथ है। विज्ञान और एक्सपर्ट्स की मानें तो सांपों की उम्र उनकी प्रजाति, खानपान, जेनेटिक विशेषताएं और पर्यावरणीय स्थितियों पर निर्भर करती है। अधिकतर सांपों की उम्र 8 से 10 साल होती है, लेकिन कुछ प्रजातियां इससे ज्यादा भी जी सकती हैं।
जंगल के मुकाबले कैद में लंबी होती है उम्र
आपको जानकर आश्चर्य होगा कि जो सांप जंगलों में आजाद घूमते हैं, वे उतना लंबा जीवन नहीं जीते जितना कैद में रहने वाले सांप जीते हैं। रिसर्च के अनुसार:
जंगल में सांपों की उम्र: 10-15 साल
कैद में रहने वाले सांप: 13-18 साल
इस अंतर की वजह है सुरक्षित माहौल, नियमित भोजन और बिना शिकारी खतरे का जीवन।
सबसे लंबा जीने वाला सांप – बॉल पाइथन
रिसर्च कहती है कि बॉल पाइथन प्रजाति के सांप अन्य प्रजातियों की तुलना में सबसे लंबी उम्र जीते हैं। इन्हें यदि सही देखभाल मिले तो ये 25 साल या उससे ज्यादा समय तक भी जीवित रह सकते हैं।
सांपों की उम्र को लेकर जो कहानियां प्रचलित हैं, उनमें से कई सिर्फ मान्यताएं या मिथक हैं। असल में उनकी उम्र उनकी प्रजाति और परिस्थितियों पर आधारित होती है। लेकिन उनकी रहस्यमय प्रकृति, जीवनशैली और पर्यावरण में निभाई जाने वाली भूमिका उन्हें निश्चित रूप से सबसे रहस्यमयी जीवों में से एक बनाती है।