जम्मू-कश्मीर से सामने आया एक शानदार वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में वंदे भारत एक्सप्रेस घने बादलों और मानसूनी धुंध के बीच दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज यानी चिनाब रेल ब्रिज को पार करती नजर आ रही है। पहाड़ों, बादलों और आधुनिक इंजीनियरिंग के इस खूबसूरत मेल ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। रेल मंत्रालय ने भी इस वीडियो को साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। चिनाब ब्रिज न सिर्फ अपनी ऊंचाई और मजबूती के लिए खास है, बल्कि यह जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाली बड़ी परियोजना का हिस्सा भी है। वीडियो में दिख रहा नजारा भारत की तकनीकी क्षमता और कश्मीर घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का शानदार उदाहरण पेश कर रहा है।
