IMD Rain Alert: देश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी से लोग परेशान है तो वहीं दक्षिण भारत में मानसून आने की वजह से मौसम सुहाना बना हुआ है। भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिली है। उत्तर भारत में रहने वाले लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। आईएमडी के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर तेज आंधी के साथ धूलभरी तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। इस दौरान तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। वहीं 9 जून के बाद मौसम में कुछ बदलाव हो सकते है। आइए जानते हैं कैसा होगा देश भर में कल का मौसम
दिल्ली में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत!
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। पिछले कुछ दिनों में मौसम शुष्क रहा है, जिससे तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया है। तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। उमस भरी गर्मी ने भी हालात को और मुश्किल बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। सोमवार और मंगलवार को धूल भरी आंधी आने की संभावना है और तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के लोगों का इस समय गर्मी की वजह से हाल बेहाल है। वहीं अभी आने वाले कुछ दिनों तक उनको गर्मी से निजात नहीं मिलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क और तापमान तेज बना रहेगा। दिन के समय भीषण गर्मी महसूस की जाएगी और राहत के आसार कम हैं। वहीं 12 जून को मौसम में कुछ बदलाव होगा। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 12 और 13 जून को लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर, बहराइच, बलरामपुर, कुशीनगर और प्रयागराज जैसे जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम
राजस्थान में गर्मी एक बार फिर अपना प्रकोप दिखा रही है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ा है और लू चल रही है। खासतौर पर गंगानगर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां रविवार को तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर, बाड़मेर, चूरू, फलोदी, जैसलमेर और कोटा जैसे शहरों में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। खासकर बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 11 जून तक अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री तक रह सकता है। इसके अलावा, 8 से 10 जून के बीच इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड मे बदल सकता हौ मौसम
फिलहाल पहाड़ी राज्यों में मौसम शांत बना हुआ है और बारिश को लेकर कोई खास चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 11 से 13 जून के बीच मौसम बदल सकता है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इस बदलते मौसम से इन राज्यों के लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
झारखंड में इस बार मानसून के जून के मध्य तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून के बाद इसकी रफ्तार बढ़ सकती है। इस साल मानसून ने केरल में 24 मई को ही दस्तक दे दी थी, जो कि सामान्य समय से करीब एक हफ्ता पहले है।
आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश में फैल जाता है। झारखंड में मानसून आने की सामान्य तारीख 10 जून मानी जाती है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों के अनुसार यहां मानसून अक्सर 12 जून से लेकर 25 जून के बीच आता है। ऐसे में इस बार भी झारखंड में मानसून थोड़ा देरी से दस्तक दे सकता है।