शहरों के नाम में 'पुर', 'गढ़' और 'आबाद' क्यों जोड़े जाते हैं? जानिए वजह

City With last Name Aabad, Pur, Gadh: क्या आपने कभी सोचा है कि भारत के कई शहरों के नाम आखिर एक जैसे क्यों लगते हैं? जैसे गाजियाबाद, जयपुर या अलीगढ़—इनमें 'आबाद', 'पुर' और 'गढ़' जैसे शब्द आखिर क्या बताते हैं? दरअसल, ये सिर्फ नाम नहीं बल्कि इन शहरों के इतिहास, संस्कृति और बसावट की कहानी बयान करते हैं

अपडेटेड Apr 24, 2025 पर 11:51 AM
Story continues below Advertisement
City With last Name Aabad, Pur, Gadh: भारत के शहरों के नामों में सिर्फ अक्षर नहीं, बल्कि इतिहास की गूंज होती है।

हम में से ज्यादातर लोगों ने बचपन से अब तक कई शहरों की सैर की है। कुछ नाम तो इतने बार सुने हैं कि अब वो जुबान पर रट चुके हैं – जैसे कानपुर, अलीगढ़, हैदराबाद, जयपुर वगैरह। लेकिन क्या कभी आपने गौर किया है कि इन शहरों के नामों के आखिरी हिस्से, जैसे ‘पुर’, ‘गढ़’ या ‘आबाद’ का कोई मतलब भी होता है? ये सिर्फ जुबानी शब्द नहीं, बल्कि इनका सीधा संबंध हमारे इतिहास और संस्कृति से है। हर नाम के पीछे एक दिलचस्प कहानी छिपी होती है – कोई वेदों से जुड़ा है, तो कोई मुगलकाल से, और कुछ शब्द तो पुराने किलों या नगरों की याद दिलाते हैं।

इस लेख में हम आपको बताएंगे कि इन शब्दों का क्या मतलब है और कैसे ये भारत के अलग-अलग शहरों की पहचान बन गए। अगर आपको भी नामों की कहानियां जानने का शौक है, तो ये सफर आपके लिए बहुत खास होने वाला है।

‘पुर’ शब्द का रहस्य


रायपुर, कानपुर, गोरखपुर ये सारे शहर किसी एक चीज में समान हैं – नाम के अंत में आने वाला 'पुर'। ये शब्द ऋग्वेद से निकला है, जिसका अर्थ होता है – शहर या किला। संस्कृत का ये सबसे पुराना शहरी शब्द है, जो आज मोहल्लों (पुरा) में भी झलकता है। यहां तक कि यह शब्द अरबी भाषा में भी प्रभाव छोड़ गया है, और दक्षिण एशिया के कई देशों में नामों का हिस्सा बन चुका है।

'आबाद' कैसे जुड़ा शहरों से?

अब बात करते हैं हैदराबाद, अहमदाबाद, और फैजाबाद जैसे शहरों की। इन नामों में 'आबाद' जुड़ा है, जो फारसी शब्द है। 'आब' का मतलब पानी, और 'आबाद' का अर्थ है – वो स्थान जो रहने और खेती के लिए अनुकूल हो। मुगलकाल में राजाओं के नाम के साथ इसे जोड़ा जाता था, जैसे फिरोज शाह के नाम से बना 'फिरोजाबाद'।

'गढ़' – सिर्फ किला नहीं

गढ़ शब्द सुनते ही मन में एक मजबूत किले की छवि बन जाती है। ये शब्द शक्ति और संरक्षण का प्रतीक है। जैसे ‘अलीगढ़’ जिसका पुराना नाम ‘कोल’ था। समय के साथ ये रामगढ़ बना, फिर नजफ खान ने इसका नाम ‘अलीगढ़’ रखा। हर बदलाव के पीछे छिपी है सत्ता की कहानी।

शहरों में छुपे और भी दिलचस्प संकेत

नगर – संस्कृत में शहर, जैसे श्रीनगर, रामनगर

कोट/कोड – किला दर्शाने वाला शब्द, जैसे राजकोट, पठानकोट

पत/प्रस्थ – जमीन या स्थल का अर्थ, जैसे पानीपत, इंद्रप्रस्थ

नाथ – भगवान या धाम से जुड़ा, जैसे अमरनाथ, केदारनाथ

एश्वर/ईश्वर – ईश्वर के नाम से जुड़े, जैसे रामेश्वरम, भुवनेश्वर

मेर – ऊंचाई या पहाड़ी क्षेत्र, जैसे अजमेर, बाड़मेर

भारत के शहरों के नामों में सिर्फ अक्षर नहीं, बल्कि इतिहास की गूंज होती है। अगली बार जब आप किसी शहर का नाम सुनें, तो उसका मतलब जरूर खोजें – हो सकता है वो नाम एक पूरे युग की कहानी कह रहा हो।

Poonch News: पुंछ में LoC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, भारतीय सेना ने कर दी गोलियों की बौछार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।