आज के समय में अच्छी नौकरी और अच्छी सैलरी पाना हर किसी का सपना होता है। क्योंकि आज के समय में लोग ज्यादा कमाई को ही सफलता मानते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने लोगों के बीच कमाई को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। कम सैलरी से लेकर लाखों की कमाई तक का सफर तय करने के बावजूद संतोष न मिलने की उनकी कहानी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
X यूजर की एक पर्सनल पोस्ट पर ऑनलाइन काफी रिएक्शन देखने को मिले हैं। उन्होंने हर महीने 15,000 रुपये कमाने से लेकर 2,50,000 रुपये तक पहुंचने का अपना सफर शेयर किया और बताया कि सैलरी बढ़ने के बावजूद उन्हें असली संतोष कभी नहीं मिला।
साक्षी नाम की एक यूजर ने अपने पोस्ट में लिखा था, “15K हर महीने, मैं सबसे ज़्यादा खुश थी। 150K हर महीने, मुझे लगने लगा कि यह कम है, मैं इससे ज्यादा की हकदार हूं। 250K हर महीने, लगा कि मैं अच्छा कर रही हूं, लेकिन दूसरों को देखकर यह फिर से कम लगने लगा।” अपनी वायरल पोस्ट में उन्होंने बताया कि जब वह हर महीने 15,000 रुपये कमाती थीं, तब वह ज्यादा खुश और संतुष्ट महसूस करती थीं। लेकिन जैसे-जैसे उनकी सैलरी बढ़कर पहले 1.5 लाख और फिर 2.5 लाख रुपये हो गई, उनका संतोष कम होता चला गया। उन्होंने कहा कि इसकी वजह पैसे नहीं थे, बल्कि यह थी कि वह अपनी सफलता की तुलना लगातार दूसरों से करने लगी थीं, जिससे उनका नजरिया बदल गया।
यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और उन लोगों को खास तौर पर पसंद आई जो कमाई और सफलता को लेकर समाज के दबाव को महसूस करते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर कमेंट की बाढ़ सी आ गई। एक यूजर ने कहा, “हालांकि, जीरो सैलरी वाला दौर अलग होता है। यह आपको सच में यह सोचने पर मजबूर करता है कि असल में क्या मायने रखता है।” एक और यूजर ने कमेंट किया, “संतुष्टि और लाइफस्टाइल में बदलाव के बिना कोई भी सैलरी कभी काफी नहीं होगी।”