हर इंसान की जिंदगी में कोई न कोई ऐसी महिला जरूर होती है, जो उसके लिए किसी सुपरहीरो से कम नहीं होती। कभी वह मां के रूप में हमें प्यार और ममता देती है, हमारी परेशानियों को समझती है और हर मुश्किल में सहारा बनती है। कभी बहन बनकर हमारा साथ देती है और हर परिस्थिति में हमारी ताकत बन जाती है। वहीं पत्नी जीवनसाथी के रूप में हर कदम पर साथ निभाती है और खुशियों के साथ-साथ जिम्मेदारियों को भी साझा करती है। कई बार एक सच्ची दोस्त भी हमारे जीवन में वही भूमिका निभाती है, जो हमें समझती है, हमारा हौसला बढ़ाती है और मुश्किल समय में हमारे आंसू पोंछती है। इन्हीं खास महिलाओं के सम्मान और उनके योगदान को याद करने के लिए हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की शक्ति, साहस, मेहनत और उनके संघर्षों को सलाम करने का अवसर देता है। इस खास मौके पर हम अपनी जिंदगी की इन महत्वपूर्ण महिलाओं को धन्यवाद कह सकते हैं और उन्हें बता सकते हैं कि वे हमारे लिए कितनी अहम हैं।
