एक ही रात में 1280% का रिटर्न! ट्रेडर ने मादुरो की सत्ता जाने पर लगाया ₹29 लाख का दांव और कमा लिए ₹4 करोड़

वेनेजुएला संकट के बीच निकोल, मादुरो की सत्ता पर लगाया गया 29 लाख रुपये का दांव एक ही रात में 4 करोड़ में बदल गया। 1280 प्रतिशत रिटर्न वाले इस सौदे ने प्रेडिक्शन मार्केट्स और भू-राजनीतिक ट्रेडिंग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।

अपडेटेड Jan 04, 2026 पर 8:36 PM
Story continues below Advertisement
पॉलीमार्केट जैसे प्रेडिक्शन मार्केट्स में लोग असली दुनिया की घटनाओं पर दांव लगाते हैं।

वेनेजुएला संकट से एक ट्रेडर को अपने दांव पर रातोंरात करीब 1280% का रिटर्न मिला गया। दरअसल, एक ट्रेडर ने प्रेडिक्शन मार्केट में करीब 29 लाख रुपये का दांव लगाया।

यह दांव इस शर्त पर था कि अगर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो 31 जनवरी 2026 तक सत्ता से बाहर हो जाते हैं, तो उसे भुगतान मिलेगा। उसका दांव सही बैठ गया और उसके पैसे रातोंरात करीब 14 गुना हो गए।

कुछ ही घंटों में तस्वीर बदल गई


ट्रेडर के इस दांव के कुछ ही घंटों बाद यानी 3 जनवरी की आधी रात को अमेरिका ने वेनेजुएला के भीतर एक बड़ी सैन्य कार्रवाई की। अमेरिका ने ऐलान किया कि ऑपरेशन सदर्न स्पीयर के तहत मादुरो को अमेरिकी सेना ने पकड़ लिया है।

इसके साथ ही वह प्रेडिक्शन कॉन्ट्रैक्ट अचानक जीत में बदल गया। सिर्फ एक दिन के भीतर, 29 लाख रुपये का दांव बढ़कर करीब 4 करोड़ रुपये का हो गया। यह मुनाफा इतना बड़ा था कि प्रेडिक्शन मार्केट को देखने वाले लोग हैरान रह गए।

राजनीतिक नतीजों पर चलने वाला बाजार

पॉलीमार्केट जैसे प्रेडिक्शन मार्केट्स में लोग असली दुनिया की घटनाओं पर दांव लगाते हैं। खासकर राजनीतिक घटनाओं पर। मादुरो से जुड़े इस कॉन्ट्रैक्ट में ट्रेडर्स यह शर्त लगा सकते थे कि वह 31 जनवरी या 28 फरवरी जैसी तय तारीखों तक सत्ता में रहेंगे या नहीं।

जैसे-जैसे वेनेजुएला के आसपास हालात तनावपूर्ण होते गए, इन कॉन्ट्रैक्ट्स की कीमत और संभावनाएं भी बदलती रहीं। अमेरिका की अचानक हुई कार्रवाई के बाद 31 जनवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट्स की कीमत तेजी से उछल गई। ऐसे में जिन लोगों ने पहले दांव लगाया था, उन्हें बड़ा फायदा मिला।

टाइमिंग पर उठे गंभीर सवाल

इस बड़े दांव की टाइमिंग को लेकर सोशल मीडिया और विश्लेषकों में सवाल उठने लगे। कई लोगों ने कहा कि अमेरिकी ऑपरेशन से ठीक पहले इतनी बड़ी रकम लगाना, असामान्य भरोसे की ओर इशारा करता है।

कुछ लोगों ने यह भी अंदेशा जताया कि जिस व्यक्ति ने यह ट्रेड किया, उसके पास शायद उस वक्त आम लोगों से ज्यादा जानकारी थी। हालांकि, प्रेडिक्शन मार्केट्स के नियम पारंपरिक शेयर बाजारों से अलग होते हैं। फिर भी एथिकल ट्रेडिंग और इनसाइडर ट्रेडिंग को लेकर बहस तेज हो गई है।

अमेरिका ने वेनेजुएला में क्या किया

यह पूरा बाजार उछाल उस वक्त आया, जब वेनेजुएला में हालात बेहद नाटकीय हो चुके थे। 3 जनवरी 2026 को अमेरिका ने कराकास और उसके आसपास सैन्य हमले किए।

ऑपरेशन सदर्न स्पीयर का मकसद मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ना बताया गया। आधिकारिक बयानों के मुताबिक, मादुरो को हिरासत में लेकर देश से बाहर एयरलिफ्ट किया गया। इस घटना ने न सिर्फ वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी, बल्कि बाजारों पर भी इसका सीधा असर दिखा।

प्रेडिक्शन मार्केट्स पर नई बहस

इस एक ट्रेडर की भारी कमाई ने प्रेडिक्शन मार्केट्स की भूमिका पर नई बहस छेड़ दी है। समर्थकों का कहना है कि ये बाजार उपलब्ध जानकारी के आधार पर रीयल टाइम में संभावनाओं की तस्वीर दिखाते हैं।

वहीं आलोचकों की राय है कि अगर इन पर सख्त नियंत्रण नहीं हुआ, तो ये संवेदनशील राजनीतिक घटनाओं पर सट्टेबाजी को बढ़ावा देंगे। अमेरिका में पहले ही सांसद ऐसे नियमों पर विचार कर चुके हैं, जिनसे राजनीतिक हस्तियों को इन बाजारों से दूर रखा जा सके, ताकि हितों के टकराव से बचा जा सके।

उथल-पुथल के दौर में जबरदस्त मुनाफा

यह पूरा मामला दिखाता है कि राजनीतिक नतीजों पर लगाए गए हाई रिस्क दांव कभी-कभी कैसे हाई रिवॉर्ड में बदल जाते हैं। साथ ही यह भी साफ करता है कि आज के डिजिटल दौर में भू-राजनीति, ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और नया फाइनेंशियल व्यवहार तेजी से एक-दूसरे से जुड़ते जा रहे हैं।

यही वजह है कि यह मुनाफा सिर्फ एक ट्रेडर की कहानी नहीं, बल्कि बदलती वैश्विक व्यवस्था की एक झलक भी है।

Gold-Silver Price: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले का असर, एक्सपर्ट बोले- सोने और चांदी में दिखेगी बड़ी हलचल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।