Russia Train Derailment: रूस में एक और पुल ढहने के बाद एक और ट्रेन पटरी से उतरी, पहले हादसे में 7 की मौत; 30 घायल

Russia Train Accident: घायलों में 2 बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों को सभी जरूरी मदद प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। तबाह हुआ पुल उस रेलवे ट्रैक के ऊपर था, जहां ट्रेन चल रही थी। हादसा भारतीय समय से रात 10:44 बजे ब्रांस्क रीजन में पिल्शिनो और व्यगोनिची स्टेशनों के बीच हुआ

अपडेटेड Jun 01, 2025 पर 1:15 PM
Story continues below Advertisement
तस्वीरों में ट्रेन की बोगियां टूटी हुई दिखाई दे रही हैं और ढहे हुए पुल से गिरे कंक्रीट के बीच पड़ी हुई हैं।

रूस में ब्रयांस्क क्षेत्र के बाद अब कुर्स्क क्षेत्र में भी एक पुल ढहने की खबर आई है। इसके चलते एक और ट्रेन पटरी से उतर गई। क्षेत्र के गवर्नर एलेक्जेंडर खिनशटेन ने टेलीग्राम पर कहा, 'कल रात... ज़ेलेज़्नोगोर्स्क जिले में एक पुल ढह गया। उस वक्त एक फ्रेट ट्रेन यानि मालगाड़ी गुजर रही थी। ट्रेन का एक हिस्सा पुल के नीचे सड़क पर गिर गया।' इससे पहले खबर आई थी कि पश्चिमी रूस में एक पुल ढह जाने से शनिवार देर रात एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई।

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों का कहना है कि पैसेंजर ट्रेन वाले हादसे में कम से कम 7 लोग मारे गए हैं और 30 घायल हो गए हैं। मॉस्को रेलवे ने एक बयान में विस्तार से बताए बिना कहा कि यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के ब्रयांस्क क्षेत्र में पुल क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसा ट्रांसपोर्ट ऑपरेशंस में अवैध हस्तक्षेप के चलते हुआ।

रूस की फेडरल रोड ट्रांसपोर्टेशन एजेंसी रोसावटोडोर ने कहा कि तबाह हुआ पुल उस रेलवे ट्रैक के ऊपर था, जहां ट्रेन चल रही थी। घटनास्थल से सरकारी एजेंसियों द्वारा पोस्ट की गई तस्वीरों में ट्रेन की बोगियां टूटी हुई दिखाई दे रही थीं और ढहे हुए पुल से गिरे कंक्रीट के बीच पड़ी हुई थीं।


घायलों में 2 बच्चे भी शामिल

एपी के मुताबिक, ब्रयांस्क क्षेत्रीय गवर्नर एलेक्जेंडर बोगोमाज का कहना है कि इमरजेंसी सर्विसेज और सरकारी अधिकारी घटनास्थल पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया है कि 7 लोगों की मौत हो गई है और 30 लोग घायल हैं। घायलों में 2 बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों को सभी जरूरी मदद प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। हादसा भारतीय समय से रात 10:44 बजे ब्रांस्क रीजन में पिल्शिनो और व्यगोनिची स्टेशनों के बीच हुआ। यह क्षेत्र यूक्रेन बॉर्डर से लगभग 100 किलोमीटर दूर है।

स्विट्जरलैंड में लैंडस्लाइड ने मचाई तबाही, मलबे में समा गया पूरा गांव, देखिए पहले और बाद की तस्वीरें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।