पाकिस्तान के साथ खुलकर आया चीन, बोला- क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता की करेंगे हिफाजत

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच चीन ने खुलकर पाकिस्तान का साथ दिया है। वांग यी ने कहा कि चीन हर परिस्थिति में पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करेगा। इस बीच, अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर चंद घंटों में ही टूट गया।

अपडेटेड May 10, 2025 पर 11:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग। (फाइल फोटो)

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और सीजफायर के बाद दोबारा हमले की खबरों के बीच चीन ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने शनिवार को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार से टेलीफोन पर बातचीत की। वांग ने डार को भरोसा दिलाया कि चीन "पाकिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय स्वतंत्रता की रक्षा में मजबूती से साथ खड़ा रहेगा।"

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, बातचीत के दौरान इशाक डार ने वांग यी को क्षेत्र में बदलते हालात की जानकारी दी। इस पर चीनी विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के संयमपूर्ण और जिम्मेदार रुख की सराहना की।

वांग यी ने कहा, "चीन और पाकिस्तान का संबंध सिर्फ लाभ या अवसर आधारित नहीं, बल्कि हर हालत में साथ निभाने वाला रणनीतिक रिश्ता है। ऐसे में हम हर परिस्थिति में पाकिस्तान के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।"


पाकिस्तान ने UAE और तुर्किए से भी किया संपर्क

इशाक डार ने इस घटनाक्रम के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जाएद से भी बातचीत की। इसके अलावा डार ने तुर्किए के विदेश मंत्री हाकन फिदान को भी क्षेत्रीय हालात की जानकारी दी। इन कूटनीतिक संपर्कों के जरिए पाकिस्तान ने मौजूदा स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय समर्थन हासिल करने की कोशिश की है।

अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ सीजफायर टूटा

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के मद्देनजर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि दोनों देशों ने "पूर्ण और तत्काल युद्धविराम" पर सहमति जताई है। उन्होंने दावा किया कि यह समझौता अमेरिका की मध्यस्थता का परिणाम है। हालांकि, पाकिस्तान ने सीजफायर के बाद भी भारत पर हमले करना जारी रखा। इसके एक बार फिर टकराव और गहरा गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे लागू हुआ सीजफायर कुछ ही घंटों में टूट गया। पाकिस्तान ने सीजफायर लागू होने के 3 घंटे बाद ही तोड़ दिया।

पंजाब, राजस्थान और जम्मू और कश्मीर के कई शहरों में ड्रोन हमले की खबर आई और कई शहरों में ब्लैक आउट कर दिया गया। वहीं पाकिस्तान के सीजफायर तोड़ने पर भारत ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। भारत ने सेना को सख्त कदम उठाने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़ें : पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, अब भारत ने सेना को सख्त कदम उठाने का दिया आदेश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।