'हमारे रिश्ते शानदार'; ट्रंप का दावा- चीन के साथ रेयर अर्थ्स, टैरिफ और स्टूडेंट वीजा पर हुआ समझौता

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और चीन के बीच नया व्यापार समझौता तय हो गया है, जिसमें चीन रेयर अर्थ की सप्लाई देगा और अमेरिका उसके छात्रों को यूनिवर्सिटी एक्सेस देगा। समझौता शी जिनपिंग की मंजूरी पर निर्भर है।

अपडेटेड Jun 11, 2025 पर 7:12 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिका और चीन के समझौते को अभी तक शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मंजूरी नहीं मिली है। (फाइल फोटो)

US CHINA DEAL: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (11 जून 2025) को दावा किया कि अमेरिका और चीन के बीच एक नया व्यापारिक समझौता तैयार हो चुका है। इसे अब बस चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। ट्रंप ने यह जानकारी अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा की।

चीन के साथ डील पर क्या बोले ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, 'चीन के साथ हमारी डील हो चुकी है, बस शी और मेरी फाइनल मंजूरी बाकी है। चीन पूरी तरह से मैग्नेट्स और जरूरी रेयर अर्थ्स की सप्लाई करेगा। हम बदले में चीन के छात्रों को अपने कॉलेज और यूनिवर्सिटी का एक्सेस देंगे।


इस डील में चीन की ओर से रेयर अर्थ मटेरियल्स और मैग्नेट्स की पूरी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह मुद्दा लंदन में हुई हालिया बातचीत का केंद्र था। वहीं अमेरिका चीन को यह सुविधा देगा कि उसके छात्र अमेरिकी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में पढ़ाई कर सकें।

ट्रंप का दावा- हम ज्यादा टैरिफ ले रहे

ट्रंप का कहना है कि अमेरिका इस समझौते के तहत 55% तक का टैरिफ वसूलेगा, जबकि चीन को केवल 10% टैरिफ मिलेगा। हालांकि इस डील से जुड़े किसी भी समझौते का अभी तक आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किया गया है।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में अमेरिका-चीन संबंधों को 'शानदार' बताया और इसे दो तरफा फायदे वाली डील करार दिया।

अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड वॉर में नरमी

ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के साथ चीन के साथ रिश्ते काफी तल्ख रहे। दोनों देशों ने एकदूसरे पर भारी-भरकम टैरिफ भी लगाया। इसका असर पूरी दुनिया की सप्लाई चेन पर पड़ा था। हालांकि, अब दोनों देशों के संबंधों में नरमी आई है।

कुछ समय पहले दोनों देशों ने एकदूसरे पर टैरिफ घटाया था। वहीं, अब ट्रंप ने रेयर अर्थ्स और स्टूडेंट वीजा जैसे मामलों पर समझौता होना का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें : इंडियन कंसल्टिंग फर्मों ने इस रूल को हटाने की मांग की, जिससे सिर्फ PWC, EY और KPMG को फायदा होता है

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।