ट्रंप के टैरिफ अमेरिकी किसानों की ही तोड़ रहे हैं कमर! हर चीज की कीमत बढ़ने से घटने लगा मुनाफा

Trump's Tariffs' Impact: अमेरिका के लिए प्रमुख पोषक तत्वों की सप्लाई में गिरावट आई है, मशीनरी की कीमतें बढ़ रही हैं और बढ़ती अनिश्चितता के बीच फसल खरीदार खरीद को सीमित कर रहे हैं। दो प्रमुख फर्टिलाइजर्स- फॉस्फेट और पोटाश का अमेरिका आने वाला शिपमेंट एक साल पहले की तुलना में 20% कम है

अपडेटेड Aug 08, 2025 पर 10:53 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने किसानों से अपनी टैरिफ पॉलिसीज को वक्त देने की अपील की है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार कहा है कि उन्हें किसानों से प्यार है। अमेरिकी किसान भी मोटे तौर पर ट्रंप का पुरजोर सपोर्ट करते हैं। लेकिन ट्रंप के कदमों का असर कृषि उद्योग पर भी पड़ रहा है और अमेरिकी किसानों को भारी नुकसान करा सकता है। ट्रंप के टैरिफ ट्रैक्टरों से लेकर फर्टिलाइजर तक, हर चीज की कीमत बढ़ा रहे हैं। अमेरिकी किसान पहले से ही फसलों की कम कीमतों से जूझ रहे हैं और अब ये टैरिफ उनका मुनाफा कम कर रहे हैं। यह बात ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कही गई है।

अमेरिका के लिए प्रमुख पोषक तत्वों की सप्लाई में गिरावट आई है, मशीनरी की कीमतें बढ़ रही हैं और बढ़ती अनिश्चितता के बीच फसल खरीदार खरीद को सीमित कर रहे हैं। यह सब ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब अमेरिकी किसानों के पास असर को झेलने के लिए बहुत कम संसाधन हैं। मक्का, सोयाबीन और गेहूं की कीमतें कोविड19 लॉकडाउन के पीक के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं, वह भी तब जब वैश्विक स्तर पर पर्याप्त सप्लाई मौजूद है। कीमतें गिरने से किसानों की कमाई गिर रही है।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, फर्टिलाइजर बनाने वाली कंपनी सीएफ इंडस्ट्रीज होल्डिंग्स इंक. में सेल्स, मार्केट डेवलपमेंट और सप्लाई चेन के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट बर्ट फ्रॉस्ट ने एक अर्निंग्स कॉल में कहा कि उत्तरी अमेरिका में किसानों की आर्थिक स्थिति उद्योग के लिए चिंता का विषय है क्योंकि मक्के की कीमतें लागत के मुताबिक नहीं हैं। टैरिफ के कारण दूसरी तिमाही में अमेरिका में जरूरी फर्टिलाइजर के इंपोर्ट में या तो देरी हुई या फिर उसकी सप्लाई कम रही, जिससे कंपनी के पास बेहद कम स्टॉक बचा है।


टैरिफ पॉलिसीज का असर दिखने के लिए वक्त मांग रहे हैं ट्रंप

ट्रंप ने किसानों से अपनी टैरिफ पॉलिसीज को वक्त देने की अपील की है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में चीन के साथ हुए व्यापार समझौते से बेहतर परिणाम देने का वादा किया है। ट्रंप का कहना है कि वह किसानों को अमेरिका का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं और यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उन्हें जरूरी श्रम शक्ति मिले, फिर भले ही ट्रंप के ही इमीग्रेशन अभियान के कारण कई श्रमिकों को अमेरिका से निकाला जा रहा हो। लेकिन उनका कहना है कि हम किसानों को नुकसान पहुंचाने वाला कुछ नहीं करेंगे।

US-India Trade Row: ट्रंप टैरिफ के बाद Amazon और अन्य अमेरिकी रिटेल दिग्गजों ने भारतीय ऑर्डर रोके, रिपोर्ट में दावा

नए टैरिफ ने और बिगाड़े हालात

7 अगस्त को आधिकारिक तौर पर लागू हुए ट्रंप के नए टैरिफ ने स्थिति को और बदतर बना दिया है। ट्रैक्टर बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एजीसीओ का कहना है कि हमारे कुछ प्रोडक्ट और महंगे होने वाले हैं। यह उत्तरी अमेरिका में कीमतें बढ़ा चुकी है और टैरिफ के असर को कम करने के लिए अन्य क्षेत्रों में भी कीमतें बढ़ा सकती है।

जहां तक फर्टिलाइजर की बात है तो दो प्रमुख फर्टिलाइजर्स- फॉस्फेट और पोटाश का अमेरिका आने वाला शिपमेंट एक साल पहले की तुलना में 20% कम है। इसके आगे भी कम बने रहने का अनुमान है। फॉस्फेट जिन देशों से सोर्स होता है, उनमें से ज्यादातर पर टैरिफ लगाए जाने के कारण शिपमेंट काफी प्रभावित हुए हैं। मोरक्को, चीन और सऊदी अरब इसके टॉप ग्लोबल एक्सपोर्टर्स में शामिल हैं। टैरिफ अनिश्चितता ने भी फसल की मांग को नुकसान पहुंचाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।