Earthquake in USA: शुक्रवार (22 अगस्त) सुबह दक्षिण अमेरिका में 7.5 तीव्रता का एक जबरदस्त भूकंप आया। भूकंप का झटका इतना तेज था कि लोग घरों से बाहर निकल गए। भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। पहले भूकंप 8.0 तीव्रता का बताया गया, जिसे बाद में संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) द्वारा घटाकर 7.5 कर दिया गया।
अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने ड्रेक पैसेज भूकंप के बाद कोई चेतावनी जारी नहीं की है। लेकिन चिली की नौसेना हाइड्रोग्राफिक और महासागरीय सेवा ने चिली के अंटार्कटिक क्षेत्र के लिए सुनामी की एहतियाती चेतावनी जारी की है।
USGS के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप 10.8 किलोमीटर की गहराई पर आया। हालांकि, जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र ने भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी। दक्षिण अमेरिका के केप हॉर्न और अंटार्कटिका के साउथ शेटलैंड द्वीप समूह के बीच स्थित ड्रेक पैसेज एक गहरा और चौड़ा जलमार्ग है जो दक्षिण-पश्चिमी अटलांटिक और दक्षिण-पूर्वी प्रशांत महासागरों को जोड़ता है।
इस बीच, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने कहा कि भूकंप सुबह 7:46 बजे (आईएसटी) आया। 30 जुलाई की सुबह रूस के सुदूर पूर्व में अब तक के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक आया था। उससे जापान और अलास्का में सुनामी की लहरें उठीं और प्रशांत महासागर के आसपास के लोगों को सतर्क रहने या ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप ने ड्रेक पैसेज को हिलाकर रख दिया। यह दक्षिण अमेरिका और अंटार्कटिका के दक्षिणी सिरे के बीच स्थित एक जल निकाय है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी तरह के नुकसान या हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। इससे पहले 17 अगस्त को इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में 5.8 तीव्रता का एक समुद्र के भीतर आया भूकंप आया, जिसमें 29 लोग घायल हो गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप मध्य सुलावेसी प्रांत के पोसो जिले से 15 किलोमीटर (9.3 मील) उत्तर में आया। उसके बाद कम से कम 15 झटके महसूस किए गए। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी ने कहा कि ज्यादातर घायलों को क्षेत्रीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। इनमें से ज्यादातर लोग रविवार सुबह चर्च में प्रार्थना सभा में शामिल होने आए थे। आंकड़ों से पता चलता है कि रूस में आया भूकंप आधुनिक इतिहास में दर्ज किए गए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था।