टेस्ला के CEO अरबपति एलॉन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच विवाद ठंडा नहीं पड़ा है, बल्कि लगता है कि अब यह और जोर पकड़ने वाला है। मस्क ने एक नई पॉलिटिकल पार्टी के गठन की घोषणा की है। इसका नाम है- अमेरिका पार्टी। मस्क का कहना है कि यह पार्टी अमेरिकी नागरिकों को उनकी आजादी वापस देने के लिए है। मस्क ने इस पार्टी के गठन की घोषणा अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस 4 जुलाई पर की।
मस्क ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोल डाला, जिसमें पूछा गया कि क्या आप अमेरिका में एक नई पॉलिटिकल पार्टी चाहते हैं? क्या अमेरिका पार्टी को बनना चाहिए। इस पोल में हिस्सा लेने वाले यूजर्स में से 65.4% ने हां को चुना जबकि 34.6 प्रतिशत ने न को।
पोल के रिजल्ट्स को देखने के बाद एलॉन मस्क ने कहा कि अमेरिकियों को उनकी आजादी वापस देने के लिए अमेरिका पार्टी का गठन किया जाता है। घोषणा करते समय मस्क ने विकल्पों की कमी पर अमेरिका के वर्तमान पॉलिटिकल सिनेरियो की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वैसे तो देश में दो पार्टी हैं लेकिन जब देश को बर्बादी और भ्रष्टाचार से दिवालिया बनाने की बात आती है, तो हम एक-दलीय प्रणाली में रहते हैं, लोकतंत्र में नहीं।
कानून बन गया है नया टैक्स कट एंड स्पेंडिंग बिल
अमेरिकी राष्ट्रपति ने नए टैक्स कट एंड स्पेंडिंग बिल को कानून की शक्ल दे दी है। यह वही बिल है, जिसका मस्क विरोध कर रहे थे और जिसके चलते ट्रंप के साथ उनके रिश्ते बिगड़ गए। ट्रंप ने इस बिल को 'बिग एंड ब्यूटीफुल' करार दिया है। वहीं मस्क का मानना है कि यह बिल विनाशकारी है और अमेरिका में लाखों नौकरियों को खत्म कर देगा। यह अमेरिका का घाटा बढ़ाएगा और इसे दिवालिया कर देगा। इस बिल के आने से खफा होकर ही मस्क ने उन ट्रंप का साथ छोड़ दिया, जिनके वह पुरजोर समर्थक थे। ट्रंप ने हाल ही में धमकी दी कि वह मस्क की कंपनियों को अमेरिकी सरकार से मिलने वाली अरबों डॉलर की सब्सिडी में कटौती कर देंगे।