US Midterm Election Results 2026: अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के नतीजों में डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेट पर कब्जा जमाने और रिपब्लिकन पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क का पहला रिएक्शन आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मस्क ने चुनावी नतीजों पर अपने मजाकिया और व्यंग्यात्मक अंदाज में तंज कसा।
मस्क ने पोस्ट करते हुए लिखा, 'Guess my election-interfering space lasers didn’t work this time' हिन्दी में इसका मतलब ये है कि- 'शायद चुनाव में धांधली करने वाले मेरे स्पेस लेजर इस बार काम नहीं आए'।
मस्क का यह तंज उन वामपंथी ट्रोल्स और सोशल मीडिया कॉन्सपिरेसी थ्योरी पर कड़ा प्रहार है, जिनमें दावा किया जाता रहा है कि मस्क अपनी सैटेलाइट कंपनी 'स्टारलिंक' या स्पेस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल चुनावों को प्रभावित करने और रिपब्लिकन को जिताने के लिए करते हैं।
रिपब्लिकन को सबसे बड़े फंड देने वालों में से एक थे मस्क
यह पोस्ट इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि 2026 के इन मिडटर्म चुनावों में एलन मस्क डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी के सबसे बड़े समर्थक और डोनर के रूप में सामने आए थे। मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों को जिताने के लिए करीब 500 मिलियन डॉलर यानी करीब 4,100 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि राजनीतिक फंड्स दी थी।
मतदान के ठीक एक दिन पहले मस्क ने X पर 'Vote Red Today!' लिखकर अमेरिकियों से रिपब्लिकन पार्टी को वोट देने की अपील भी की थी।
2025 में डोनाल्ड ट्रंप की राष्ट्रपति पद पर वापसी के बाद एलन मस्क 'डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी' (DOGE) के प्रमुख रहे और ट्रंप के सबसे करीबी सलाहकार बने।
इसके बावजूद, सीनेट में डेमोक्रेट्स की जीत और रिपब्लिकन के घटते जनाधार ने मस्क और ट्रंप कैंपेन को भारी आर्थिक व राजनीतिक झटका दिया है।
चुनावों का मौजूदा रुख और पावर शिफ्ट
2026 के मिडटर्म चुनावों के नतीजे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए बहुत बड़ा गतिरोध बन गए हैं। डेमोक्रेट्स ने टेक्सास और कैरोलिना जैसे रिपब्लिकन गढ़ों को भेदते हुए बहुमत हासिल कर लिया है। सीनेट हाथ से जाने के बाद ट्रंप ने संसद के हर कानून पर 'वीटो' का इस्तेमाल करने और वाशिंगटन में डेमोक्रेट्स के बिल रोकने का ऐलान किया है।