Gandhi Jayanti in USA: गेट्स फाउंडेशन के साथ साझेदारी में अमेरिका के सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गुरुवार (3 अक्टूबर) को 'गेट्स फाउंडेशन' में भारतीय संस्कृति, कला और व्यंजनों को प्रदर्शित करते हुए एक विशेष समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य बिल गेट्स के साथ-साथ वाशिंगटन राज्य और सिएटल सिटी सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
लोगों को संबोधित करते हुए बिल गेट्स ने कहा, "यह बहुत ही उपयुक्त है कि हम महात्मा गांधी की जयंती पर एक साथ आ रहे हैं। उनके द्वारा प्रचारित आदर्श, प्रत्येक व्यक्ति की समानता और सम्मान, हमारे कार्यों का आधार हैं। आज, भारत इनोवेशन में एक ग्लोबल लीडर के रूप में खड़ा है। वैश्विक दक्षिण में लाखों लोगों के जीवन को बचाने और बेहतर बनाने की क्षमता वाले समाधानों का बीड़ा उठा रहा है। हम विकसित भारत 2047 की ओर भारत की यात्रा में उसके साथ साझेदारी जारी रखने के लिए तत्पर हैं।"
यह कार्यक्रम ग्रेटर सिएटल क्षेत्र में गांधी जयंती और अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के समारोहों के साथ भी आयोजित किया गया। इसमें ग्लोबल सिक्योरिटी इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष जोनाथन ग्रैनॉफ द्वारा 'समकालीन विश्व व्यवस्था में गांधीवादी मूल्यों की प्रासंगिकता' पर एक विशेष संबोधन भी दिया गया।
इस दौरान मार्टिन लूथर किंग (एमएलके) गांधी फाउंडेशन के अध्यक्ष और संस्थापक एडी राई की उपस्थिति में वाशिंगटन राज्य की सीनेटर वंदना स्लेटर द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान सिएटल और बेलेव्यू में आयोजित इन कार्यक्रमों में भारतीय-अमेरिकी नेतृत्व के एक बड़े वर्ग ने भाग लिया। इसमें छोटे स्कूली बच्चों द्वारा गांधी जी के पसंदीदा भजनों का एक विशेष गायन भी प्रस्तुत किया गया। गुरुवार को भारत समेत दुनियाभर में गांधी जयंति धूमधाम से मनाई गई।