Operation Sindoor: 'तुरंत पाकिस्तान से निकल जाएं या सुरक्षित स्थानों पर शरण लें'; अपने नागरिकों के लिए अमेरिका ने जारी की एडवाइजरी

India-Pakistan Tensions: पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने अपने बयान में कहा कि सक्रिय संघर्ष वाले क्षेत्र से अमेरिकी नागरिकों को अगर सुरक्षित तरीके से निकल पाना संभव हो तो वहां से निकल जाना चाहिए। अगर वहां से निकलना सुरक्षित नहीं है तो उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ही रहना चाहिए

अपडेटेड May 08, 2025 पर 5:03 PM
Story continues below Advertisement
India-Pakistan Tensions: अमेरिकी दूतावास ने अपने सभी कर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का निर्देश दिया है

India-Pakistan Tensions: अमेरिका ने गुरुवार (8 मई) को पाकिस्तान के लाहौर स्थित अपने सभी वाणिज्य दूतावास कर्मियों और नागरिकों को तुरंत वहां से चले जाने या किसी सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का निर्देश दिया। लाहौर और उसके आस-पास ड्रोन विस्फोटों, गिराए गए ड्रोनों और संभावित हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की खबरों के कारण अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास ने सभी कर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का निर्देश दिया है। वाणिज्य दूतावास को शुरुआती रिपोर्ट भी मिली है कि अधिकारी लाहौर के मुख्य एयरपोर्ट से सटे कुछ इलाकों को खाली करा सकते हैं।

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने अपने बयान में कहा, "सक्रिय संघर्ष वाले क्षेत्र से अमेरिकी नागरिकों को अगर सुरक्षित तरीके से निकल पाना संभव हो तो वहां से निकल जाना चाहिए। अगर वहां से निकलना सुरक्षित नहीं है तो उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ही रहना चाहिए।"

अमेरिकी सेना के एक शीर्ष कमांडर ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद अमेरिका स्थिति पर बेहद बारीकी से नजर रख रहा है।


जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।

इस बीच, भारतीय सेना ने बुधवार रात ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की पाकिस्तानी सेना की कोशिशों को विफल कर दिया। वहीं, जवाबी कार्रवाई में लाहौर में एक पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया।

अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तानी सेना ने अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने का प्रयास किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इन्हें निष्प्रभावी कर दिया गया।

उसने कहा, "इन हमलों के बाद अब मलबे कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं, जो पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि करते हैं।" रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब उसी प्रबलता के साथ दिया गया।"

बयान में कहा गया है, "विश्वसनीय रूप से यह पता चला है कि लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।" मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी क्षमता वाली तोपों का उपयोग करते हुए नियंत्रण रेखा पर अपनी अकारण गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है।

ये भी पढ़ें- Operation Sindoor: भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में कराची, लाहौर और सियालकोट एयरपोर्ट बंद, सभी फ्लाइट निलंबित

मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है।" बयान में कहा गया है कि यहां भी भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और तोपखाने की गोलीबारी रोकने के लिए जवाब देने के लिए बाध्य होना पड़ा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।