Operation Sindoor in Pakistan: 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच कराची, लाहौर और सियालकोट सहित पाकिस्तान के प्रमुख एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन गुरुवार, 8 मई को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। इससे पहले भारत की सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए हमले के बाद बुधवार (7 मई) को पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस को 48 घंटे के लिए बंद करने की घोषणा की थी।
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने कहा कि उसने भारत की 'लापरवाह और उत्तेजक कार्रवाइयों' से नागरिक विमानन सुरक्षा को उत्पन्न गंभीर जोखिम के संबंध में औपचारिक रूप से अंतरराष्ट्रीय नागरिक विमानन संगठन (आईसीएओ) को अपनी चिंताओं से अवगत करा दिया है।
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, लाहौर और सियालकोट के एयरपोर्ट गुरुवार दोपहर 12 बजे तक सभी उड़ान गतिविधियों के लिए बंद कर दिया गया। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने भी निलंबन की पुष्टि की, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों फ्लाइट का शेड्यूल बाधित हुआ है।
यह कदम जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में किए गए एक बड़े भारतीय सैन्य अभियान 'ऑपरेशन सिंदूर' के मद्देनजर उठाया गया है, जिसमें 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।
बुधवार को भारत ने घोषणा की थी कि उसने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर (PoJK) में आतंकवादी ढांचे पर समन्वित सटीक हमले किए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने नई दिल्ली में एक प्रेस वार्ता में ऑपरेशन का डिटेल्स शेयर किया।
पहलगाम आतंकी हमले के बदले के तौर पर भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या के दो सप्ताह बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत ये सैन्य हमले किए गए। भारतीय अधिकारियों के अनुसार, हमलों में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी), जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े ठिकानों को नष्ट कर दी गईं।
सरकार 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और उसके बाद की स्थिति पर गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के नेताओं को जानकारी दी। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और विपक्षी नेताओं की पिछले एक पखवाड़े में यह दूसरी बैठक है।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, एस जयशंकर, जे पी नड्डा और निर्मला सीतारमण ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया। जबकि कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंद्योपाध्याय और DMK के टीआर बालू बैठक में शामिल प्रमुख विपक्षी नेता हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।