ISIS Attack: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने नए साल के जश्न के दौरान नॉर्थ कैरोलिना में होने वाले एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। अधिकारियों ने 18 साल के क्रिश्चियन स्टर्डिवेंट को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर आतंकवादी संगठन ISIS से प्रेरित था। आरोपी का इरादा भीड़भाड़ वाले ग्रॉसरी स्टोर और फास्ट-फूड आउटलेट पर चाकू से हमला कर 'सामूहिक नरसंहार' करने का था। यह खतरनाक हमला शारलोट के उपनगर मिंट हिल में होना था। आरोपी उसी इलाके के एक 'बर्गर किंग' में काम करता था, जिसे संभावित टारगेट माना जा रहा है।
'ज्यादा से ज्यादा लोगों को मरने का था इरादा'
कोर्ट के दस्तावेजों और FBI की जांच में आरोपी के इरादों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। स्टर्डिवेंट के घर के कचरे के डिब्बे से एक नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा था कि वह 'अधिक से अधिक नागरिकों को चाकू मारना चाहता है'। आरोपी ने योजना बनाई थी कि वह हमले के बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में अपनी जान दे देगा। वह खुद को कुर्बान करने के लिए पूरी तरह तैयार था। उसने इस हिंसा को सीरिया में मुसलमानों के खिलाफ हो रहे हवाई हमलों के बदले के रूप में पेश किया था।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को किसी भी वक्त हमला करने से रोकने के लिए उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। स्टर्डिवेंट एक अंडरकवर FBI एजेंट के संपर्क में था, जिसे वह अपना हमदर्द समझ रहा था। उसी के सामने उसने अपनी पूरी योजना और ISIS के प्रति वफादारी का जिक्र किया। क्रिसमस के दौरान भी एजेंटों ने उस पर 24 घंटे नजर रखी। अधिकारियों ने कहा, 'अगर वह हथियारों के साथ घर से बाहर निकलता, तो हम उसे पहले ही पकड़ लेते।'
2022 में भी की थी कत्लेआम की कोशिश
जांच में सामने आया है कि स्टर्डिवेंट पहली बार 2022 में FBI की रडार पर आया था। उस समय उसने यूरोप में एक ISIS समर्थक से बात की थी और हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के एक सदस्य ने उसे रोक लिया था। इसके बाद उसका मनोवैज्ञानिक इलाज भी हुआ था और अधिकारियों को लगा कि अब उसकी सोशल मीडिया तक पहुंच नहीं है, लेकिन उसने हाल ही में दोबारा ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था।