
वॉल स्ट्रीट जर्नल में डोनाल्ड ट्रंप और जेफरी एपस्टीन के कथित संबंधों को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट छपने के बाद वाशिंगटन डीसी में हलचल मच गई है। इसी रिपोर्ट के कुछ दिन पहले ऐसी अफवाहें भी सामने आईं कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मीडिया कारोबारी रूपर्ट मर्डोक से मुलाकात हुई थी। रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2003 में एपस्टीन के लिए गिस्लेन मैक्सवेल द्वारा तैयार किए गए एक बर्थडे एल्बम में ट्रंप की तस्वीर और उनका नाम शामिल था। इस खबर के बाद ट्रंप सपोटर्स में खलबली मच गई है और ट्रंप ने इसके खिलाफ 10 अरब डॉलर का मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात कही है।
वहीं अब अमेरिकी राष्ट्रपति जेडी वेंस और रूपर्ट मर्डोड की मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
इस यात्रा की हो रही काफी चर्चा
कई खबरों के मुताबिक, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा मंगलवार को मोंटाना गए थे। यह दौरा उस रिपोर्ट के एक दिन पहले हुआ, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप और जेफरी एपस्टीन से जुड़ी खबर ने सुर्खियाँ बटोरी थीं। बताया गया है कि वेंस कपल, मोंटाना के बट्टे शहर पहुंचे थे, जहां वे उपराष्ट्रपति के आधिकारिक विमान ‘एयर फोर्स टू’ से आए। यह जगह रूपर्ट मर्डोक के फार्महाउस से करीब 110 किलोमीटर दूर है।
मर्डोक का यह विशाल फार्महाउस करीब 3.4 लाख एकड़ में फैला हुआ है। यह येलोस्टोन नेशनल पार्क के पास, मोंटाना और इडाहो की सीमा के करीब स्थित है। रिपोर्ट के अनुसार, मर्डोक ने इस फार्महाउस में वेंस, उनके बेटे, न्यूज कॉर्प के मौजूदा सीईओ लैचलन मर्डोक और फॉक्स के कुछ अन्य अधिकारियों की मेजबानी की थी। संघीय उड्डयन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यह मुलाकात बहुत लंबी नहीं थी और उपराष्ट्रपति का विमान कुछ ही घंटों के लिए वहां रुका था।
इस मुलाकात में क्या बातचीत हुई, यह अभी साफ नहीं है, लेकिन इसके समय को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि मोंटाना राज्य के ऑडिटर और इस राज्य के अहम राजनीतिक चेहरे जेम्स ब्राउन, इस मुलाकात की पूरी तैयारी की थी। उन्होंने मीडिया को बताया कि वे उपराष्ट्रपति वेंस से एयरपोर्ट पर मिले थे और वहाँ से मर्डोक के रैंच तक करीब एक घंटे की यात्रा में उनके साथ रहे। इस दौरान वेंस की टीम की एक महिला सदस्य भी उनके साथ थी।
क्या ट्रंप को इस बात की जानकारी थी?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मर्डोक ने उपराष्ट्रपति वेंस को वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के बारे में पहले से बताया था? और क्या ट्रंप को वेंस और मर्डोक की इस मुलाकात की जानकारी थी? एक वरिष्ठ रिपब्लिकन नेता ने बताया, "सब कुछ इसी पर टिका है। अगर मर्डोक ने वेंस को पहले से इसकी जानकारी दी थी, तो यह बड़ी बात है। ट्रंप हमेशा से इस बात को लेकर सतर्क रहते हैं कि कौन वफादार है और कौन नहीं।" याद दिला दें कि शुरुआत में ट्रंप वेंस को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने पहले नॉर्थ डकोटा के गवर्नर डग बर्गम का समर्थन किया था। लेकिन अरबपति पीटर थील और कुछ अन्य प्रभावशाली रिपब्लिकन नेताओं के दबाव में आकर उन्होंने वेंस का नाम स्वीकार किया। कुछ लोगों का तो यह भी मानना है कि पीटर थील और उनके करीबी वेंस को ट्रंप के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखते हैं।
हालाँकि वेंस अब तक ट्रंप के प्रति वफादार दिखाई दिए हैं और उन्होंने एलॉन मस्क और ट्रंप के बीच रिश्तों को थोड़ा बेहतर करने में भी मदद की है, लेकिन मोंटाना में मर्डोक के साथ उनकी गुप्त मुलाकात ने सभी को हैरान कर दिया है। मर्डोक और ट्रंप के रिश्ते भी काफी जटिल रहे हैं। मर्डोक इस साल की शुरुआत में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे और ओवल ऑफिस में उनसे मुलाकात भी की थी। इसके बावजूद, मर्डोक की कंपनी न्यूज कॉर्प के अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की नीतियों, खासकर टैरिफ और विदेश नीति पर, खुलकर आलोचना की है।
गुटबाज़ी या फंड जुटाने की कोशिश?
वेंस फिलहाल रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की फाइनेंस कमेटी के प्रमुख हैं, और 2026 के मध्यावधि चुनावों के लिए पार्टी के फंड जुटाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। इसी वजह से उनकी मोंटाना यात्रा और भी दिलचस्प बन जाती है। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के सिटिज़न्स यूनाइटेड फैसले के चलते मर्डोक परिवार सैद्धांतिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी को असीमित राशि दान कर सकता है। अब सवाल यह है कि क्या वेंस केवल अमीर दानदाताओं से समर्थन लेने गए थे, या फिर वहाँ किसी गहरी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हुई?
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।