NSA Ajit Doval: खालिस्तानी आतंकवादी इंद्रजीत सिंह गोसल को जमानत पर रिहा किए जाने के एक दिन बाद उसने और उसके करीबी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को धमकियां दी है। कनाडा में गिरफ्तारी के एक हफ्ते के भीतर ही गोसल को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। कनाडा की अथॉरिटी ने 36 साल के गोसल को गैर-कानूनी हथियार रखने के कई आरोपों में गिरफ्तार किया था। गोसल प्रतिबंधित सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ग्रुप का एक प्रमुख ऑर्गनाइजर है। वह आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू का सबसे करीबी सहयोगी है।
एक वीडियो में गोसल ने कहा, "भारत, मैं बाहर हूं....गुरपतवंत सिंह पन्नू का समर्थन करने और 23 नवंबर 2025 को खालिस्तान रेफरेंडम आयोजित करने के लिए...। दिल्ली बनेगा खालिस्तान...।" इसके अलावा पन्नू ने धमकियां भारत के NSA अजीत डोभाल को दी है। NDTV के मुताबिक उसने कहा, "अजीत डोभाल... आप कनाडा, अमेरिका या किसी यूरोपीय देश में आकर मुझे गिरफ्तार क्यों नहीं करते या मेरा प्रत्यर्पण क्यों नहीं करवाते? डोभाल, मैं आपका इंतजार कर रहा हूं...।"
हाल ही में 'ग्लोबल न्यूज' को दिए एक इंटरव्यू में गोसल ने दावा किया कि रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने उसे चेतावनी दी थी कि उसकी जान को खतरा है। उसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा देने की पेशकश की, जिसे उसने मना कर दिया।
यह घटना 19 सितंबर को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और उनके कनाडाई समकक्ष के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक के कुछ दिनों बाद हुई। इस बैठक में दोनों देशों ने आतंकवाद और अंतर-राष्ट्रीय अपराध के खिलाफ सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई थी।
कनाडा में खालिस्तान से जुड़ी गतिविधियों में अपनी अहम भूमिका के कारण गोसल को निज्जर का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है। खास बात यह है कि उसने पंजाब में अलग सिख राष्ट्र राज्य बनाने के लिए हाल ही में खालिस्तान रेफरेंडम का भी आयोजन किया था।
इंदरजीत सिंह गोसल को कनाडा पुलिस ने किया था गिरफ्तार
कनाडा की पुलिस ने खालिस्तानी आतंकी इंदरजीत सिंह गोसल को ओंटारियो प्रांत के व्हिटबी शहर में हथियारों से जुड़े दर्जन से अधिक अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया था। लेकिन गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद ही उसे रिहा कर दिया गया है। 'ग्लोबल न्यूज' ने अदालत के दस्तावेजों के हवाले से बताया कि ओंटारियो प्रांतीय पुलिस अधिकारियों ने पिछले शुक्रवार को गोसल को बंदूक का लापरवाही से इस्तेमाल करने और अन्य संबंधित अपराधों के लिए गिरफ्तार किया।
36 वर्षीय गोसल को ओशावा की अदालत में पेश किया गया गया। अदालत में उस पर टोरंटो निवासी 23 वर्षीय अरमान सिंह और न्यूयॉर्क निवासी 41 वर्षीय जगदीप सिंह के साथ आरोप लगाए गए। मीडिया खबर के अनुसार, इंदरजीत सिंह गोसल, खालिस्तान पर जनमत संग्रह अभियान चला रहा है। उसने यह जिम्मेदारी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद संभाली थी। निज्जर की सरे, ब्रिटिश कोलंबिया में गोली मारकर हत्या की गई थी।
CBC की खबर के अनुसार, गोसल सिख फॉर जस्टिस (SFJ) का भी सदस्य है। खबर के अनुसार एसएफजे एक अलग सिख राष्ट्र की मांग को लेकर अभियान चलाता रहा है। इसके नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत सरकार द्वारा आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। कनाडा में भारत के बाहर सबसे बड़ी सिख आबादी रहती है।