Canada Gold Heist: कनाडा के पील में पुलिस ने सोमवार को प्रोजेक्ट 24K के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह मामला देश के इतिहास की सबसे बड़ी सोने की चोरी से जुड़ा है, जिसमें 20 मिलियन डॉलर से ज्यादा (180 करोड़) के सोने के बिस्किट चोरी हुए थे।
43 वर्षीय अरसलान चौधरी को टोरंटो पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से आ रहा था। पुलिस ने बताया कि चौधरी का कोई स्थायी पता नहीं है।
उस पर 5,000 डॉलर से अधिक की चोरी, अपराध से प्राप्त संपत्ति रखने और एक गंभीर अपराध करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
कनाडा में 20 मिलियन डॉलर की सोने की चोरी
17 अप्रैल, 2023 को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से एक विमान टोरंटो पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जिसमें लगभग 400 किलोग्राम 0.9999 शुद्धता वाला सोना (6,600 गोल्ड बार, जिसकी कीमत 20 मिलियन डॉलर से अधिक थी) और 25 लाख डॉलर की विदेशी मुद्रा थी।
माल को एयरपोर्ट के परिसर में एक अलग स्थान पर उतारा और ले जाया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद उसके लापता होने की सूचना मिली। पुलिस ने इसके बाद सीमा पार जांच शुरू की और चोरी के सिलसिले में दस लोगों की पहचान कर उन पर आरोप लगाए या उनके खिलाफ वारंट जारी किए।
इन आरोपियों में ब्रैम्पटन का रहने वाला 33 वर्षीय सिमरन प्रीत पनेसर भी शामिल है। पनेसर एयर कनाडा का पूर्व कर्मचारी है और माना जा रहा है कि वह इस समय भारत में है। पुलिस का कहना है कि उसने एयरलाइन सिस्टम में हेरफेर करके कार्गो शिपमेंट की पहचान की और उसे गलत दिशा में भेजने में मदद की।
पिछले साल पनेसर को चंडीगढ़ के बाहरी इलाके में किराए के एक फ्लैट में ट्रेस किया गया था। उसके खिलाफ पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
कनाडा की सबसे बड़ी सोने की चोरी में अन्य आरोपी
एक अन्य आरोपी, ब्रैम्पटन निवासी आर्चित ग्रोवर को मई 2024 में पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था, जब वह भारत से आ रहा था।
अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में एयर कनाडा के पूर्व कर्मचारी 54 वर्षीय परमपाल सिद्धू और ओंटारियो के रहने वाले 40 वर्षीय अमित जलोटा भी शामिल हैं। ब्रैम्पटन के रहने वाले 36 वर्षीय प्रसाद परमालिंगम और टोरंटो के रहने वाले 37 वर्षीय अली रजा को भी गिरफ्तार किया गया है।
ब्रैम्पटन निवासी 43 वर्षीय अम्माद चौधरी और 27 वर्षीय डुरेंटे किंग-मैकलीन को भी गिरफ्तार किया गया है। किंग-मैकलीन फिलहाल अमेरिका में हथियारों की तस्करी से संबंधित आरोपों में हिरासत में है।
पील रीजनल पुलिस प्रमुख निशान दुरैअप्पा ने कहा, "यह जांच जटिल और गंभीर अपराधों से निपटने में पील रीजनल पुलिस के समर्पण और विशेषज्ञता को दर्शाती है। प्रोजेक्ट 24K इस बात का स्पष्ट उदाहरण है कि कैसे हमारे अधिकारी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर, संगठित आपराधिक गतिविधियों को बाधित कर सकते हैं और दोषियों को जवाबदेह ठहरा सकते हैं। यह जान लें: आप चाहे जहां भी भागने या छिपने की कोशिश करें, हम आपको ढूंढ निकालेंगे।"