Nepal Gen-Z Protest: नेपाल में बवाल! संसद भवन में घुसे प्रदर्शनकारी, सोशल मीडिया बैन के खिलाफ सड़कों पर उतरे युवा
Nepal Social Media Ban Protest: पहले तो विरोध प्रदर्शन बड़ी ही शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ और देखते ही देखते उग्र हो गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, देश के मुख्य प्रशासनिक केंद्र सिंघा दरबार के नजदीक मैतीघर में सुबह इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारी न्यू बनेश्वर में संसद भवन की ओर बढ़े। जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो मामला बिगड़ गया
Nepal Gen-Z Protest: नेपाल में बवाल! संसद भवन में घुसे प्रदर्शनकारी
नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार को हालात काफी बिगड़ गए, क्योंकि देश के युवा या कहें कि नई पीढ़ी के युवा- जो खुद को Gen-Z बताते हैं, वे सरकार के एक फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। ये फैसला फेसबुक और X जैसे करीब 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नेपाल में बैन करने से जुड़ा है। सोमवार को राजधानी काठमांडू के न्यू बानेश्वर में मौजूद संसद भवन में उस समय तनाव फैल गया, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और गेट पार कर संसद के भीतर घुसने की कोशिश की। इसके बाद प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है, जिनमें संसद भवन के आसपास के इलाके भी शामिल है।
पहले तो विरोध प्रदर्शन बड़ी ही शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ और देखते ही देखते उग्र हो गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, देश के मुख्य प्रशासनिक केंद्र सिंघा दरबार के नजदीक मैतीघर में सुबह इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारी न्यू बनेश्वर में संसद भवन की ओर बढ़े। जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो मामला बिगड़ गया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और संसद के अंदर घुस गए, जिसके बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया। सुरक्षा बलों ने पहले भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोडे़, पानी की बौछार की और रबर बुलेट तक फायर करनी पड़ीं।
यहां तक कि हवाई फायरिंग भी की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प चलती रही। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि न्यू बनेश्वर इलाके में सेना को तैनाक करना पड़ा।
अधिकारियों ने बनेश्वर की स्थिति को "बेहद तनावपूर्ण" बताया। काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय के प्रवक्ता मुक्ति राम रिजाल ने कहा, "हमने दोपहर 12:30 बजे जारी किए गए कर्फ्यू को बढ़ा दिया है। अब राष्ट्रपति आवास, शीतल निवास, नारायणहिती दरबार संग्रहालय, प्रधानमंत्री आवास, बालुवाटर और बानेश्वर संसद भवन के आसपास के इलाकों में रात 10 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है।"
दोपहर 12:30 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रभावी कर्फ्यू आदेश, बनेश्वर चौक से बिजुली बाजार पुल (पश्चिम), टिंकुने चौक (पूर्व), रत्न राज्य स्कूल (उत्तर) और शंखमुल पुल (दक्षिण) तक लागू रहेगा।
प्रदर्शनकारियों के संसद भवन परिसर में घुस जाने के बाद सोमवार दोपहर को होने वाली नेशनल असेंबली की बैठक कथित तौर पर बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
यह प्रदर्शन विराटनगर, बुटवल, चितवन, पोखरा और दूसरे शहरों में भी फैल गए, जहां युवाओं ने भ्रष्टाचार और देशव्यापी सोशल मीडिया शटडाउन के खिलाफ अपना गुस्सा जताया।
नेपाल में बैन हुआ Facebook, WhatsApp
दरअसल नेपाल ने गुरुवार 4 सितंबर को फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसी सोशल मीडिया साइट्स पर बैन लगा दिया, क्योंकि वे तय समय सीमा में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाईं। मंत्रालय ने नोटिस जारी करके बताया कि इन कंपनियों को 28 अगस्त से 7 दिन का समय दिया गया था।
बुधवार रात तक समय सीमा खत्म होने पर भी बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने आवेदन नहीं दिया। इनमें Meta- Facebook, Instagram, WhatsApp, अल्फाबेट (Youtube), X, रेडिट और लिंक्डइन शामिल हैं।
वहीं मंत्रालय के मुताबिक टिकटॉक, वाइबर, विटक, निंबज और पोपो लाइव पहले से लिस्टेड हैं। टेलीग्राम और ग्लोबल डायरी ने आवेदन किया है और उनका मामला मंजूरी की प्रक्रिया में है।