Trump For Nobel Peace Prize: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने सात वैश्विक संघर्षों को खत्म कराने में भूमिका निभाई है। इसके बावजूद अगर नोबेल पुरस्कार उन्हें नहीं दिया जाता है तो यह अमेरिका के लिए बड़े अपमान की बात होगी। अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर सोमवार को घोषित गाजा संघर्ष को समाप्त कराने की उनकी योजना कामयाब हो जाती है तो उन्होंने कुछ ही महीनों में आठ संघर्षों को सुलझा लिया है। उन्होंने कहा कि आठ समझौते करना वाकई सम्मान की बात है।
गाजा संघर्ष को समाप्त कराने की योजना का जिक्र करते हुए ट्रंप ने मंगलवार को क्वांटिको में सैन्य अधिकारियों को अपने संबोधन में कहा, "मुझे लगता है, हमने इसे सुलझा लिया है। अब, हमास को सहमत होना होगा और अगर वे नहीं मानते, तो उनके लिए बहुत मुश्किल होगा। सभी अरब, मुस्लिम राष्ट्र इससे सहमत हैं। इजराइल सहमत है। यह एक अद्भुत बात है कि सभी साथ आ गए हैं।"
ट्रंप ने आगे कहा, "यह शानदार है। कोई ऐसा कभी नहीं कर पाया। फिर भी, 'क्या आपको नोबेल पुरस्कार मिलेगा?' बिल्कुल नहीं। वे इसे किसी ऐसे व्यक्ति को देंगे जिसने कुछ भी नहीं किया। वे इसे ऐसे व्यक्ति को देंगे जिसने डोनाल्ड ट्रंप के विचारों और युद्ध को सुलझाने के लिए क्या किया गया, इस पर कोई किताब लिखी है... जी हां, नोबेल पुरस्कार किसी लेखक को मिलेगा। लेकिन देखते हैं क्या होता है।"
उन्होंने कहा, "यह हमारे देश के लिए बड़े अपमान की बात होगी। मैं आपको बता दूं कि मैं ऐसा नहीं चाहता। मैं चाहता हूं कि यह देश को मिले। यह सम्मान देश को मिलना ही चाहिए क्योंकि ऐसा कुछ पहले कभी नहीं हुआ। इस बारे में सोचिएगा जरूर। मुझे लगता है कि यह (गाजा संघर्ष को समाप्त करने की योजना) सफल होगा। मैं यह बात हल्के में नहीं कह रहा, क्योंकि मैं समझौतों के बारे में किसी से भी ज्यादा जानता हूं।" उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, आठ समझौते करना वाकई सम्मान की बात है।’’
नोबेल शांति पुरस्कार ऐसे व्यक्ति, संगठन या आंदोलनकर्ता को दिया जाता है जिसने राष्ट्रों के बीच भाईचारे, स्थायी सेनाओं के उन्मूलन या कटौती और शांति सम्मेलनों के आयोजन और प्रचार के लिए सबसे अधिक या सर्वोत्तम कार्य किया हो। नॉर्वे की संसद द्वारा नियुक्त पांच सदस्यों वाली नॉर्वेजियन नोबेल समिति लंबी समीक्षा के बाद विजेता का चयन करती है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह संस्था पारंपरिक रूप से लॉबिंग के खिलाफ रही है।
इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की मांग यूक्रेन के कुछ सांसदों ने उठाई है। सांसदों ने मास्को-कीव के संघर्ष में मध्यस्थता के अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रयासों की सराहना की है। यूक्रेनी सांसदों के एक समूह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें उनकी रणनीतिक दूरदर्शिता के साथ ही मॉस्को और कीव के बीच संघर्ष को सुलझाने के प्रयासों की प्रशंसा की गई है।
दुनिया भर के कई राजनेता पहले ही इसी तरह के संकेत दे चुके हैं। सोमवार को इस विधेयक को आठ सांसदों ने पेश किया, जिनमें दक्षिणपंथी 'फॉर द फ्यूचर' की हाई-प्रोफाइल सांसद अन्ना स्कोरोखोद और वोलोदिमीर जेलेंस्की की 'सर्वेंट ऑफ द पीपल पार्टी' के जॉर्जी माजुराशू शामिल हैं।