Operation Sindoor News: 'ऑपरेशन सिंदूर' में पाकिस्तान में रह रहे कई बड़े आतंकी ढेर हो गए हैं। जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख आतंकी मसूद अजहर का परिवार 'ऑपरेशन सिंदूर' में नेस्तनाबूद हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सेना के हमले में मसूद अजहर की बहन-बहनोई और भांजे समेत उसके पारिवार के कम से कम 10 सदस्यों और चार करीबियों की मौत हो गई है। इसके अलावा आतंकी कारी मोहम्मद इकबाल भी मारा गया है। जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर के परिवार के सदस्यों में उसकी सगी बहन भी शामिल है।
जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर ने कहा कि बहावलपुर में भारतीय मिसाइल हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबी सहयोगी मारे गए। पाकिस्तान के बहावलपुर में भारतीय हमलों में मारे गए। यह हमला बुधवार रात पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी के साले समेत परिवार के कम से कम 14 सदस्य भी हमलों में मारे गए। भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद सख्त जवाबी करते हुए मंगलवार (6 मई) देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के गढ़ भी शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय ने देर रात 1.44 बजे एक बयान में कहा कि सैन्य हमले 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किए गए। इसमें कहा गया है कि भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई केंद्रित और नपी-तुली थी। साथ ही यह ध्यान रखा गया है कि यह और न बढ़े। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारतीय मिसाइल हमलों को युद्ध की कार्रवाई करार दिया। उन्होंने कहा कि उनके देश को उचित जवाब देने का पूरा अधिकार है।
भारत की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "कुछ समय पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में उन आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों का मंसूबा बनाया गया और इसे निर्देशित किया गया।"
इसमें कहा गया, "किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्य के चयन और क्रियान्वयन के तरीके में काफी संयम दिखाया है।" सूत्रों ने कहा कि सभी नौ ठिकानों पर हमले सफल रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "ऑपरेशन सिंदूर" की बारीकी से निगरानी की।
अधिकारियों ने बताया कि जिन 9 ठिकानों को निशाना बनाया गया उनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय शामिल है। ये दोनों पाकिस्तान के पंजाब में हैं। लाहौर से थोड़ी दूरी पर स्थित मुरीदके, एक विशाल "मरकज़" यानी लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का अड्डा है और बहावलपुर जैश-ए-मोहम्मद का मुख्य गढ़ है।
पहलगाम आतंकी हमले में भारतीय नौसेना के एक अधिकारी समेत कई लोगों को उनकी पत्नियों के सामने मार दिया गया था। भारत की यह कार्रवाई 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद आई है। हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली और मुजफ्फराबाद और बहावलपुर में मिसाइल हमले किए गए।