अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के दिनों में यूक्रेन के सिविल इलाकों पर हमलों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आलोचना की और कहा कि "शायद वह युद्ध को रोकना नहीं चाहते हैं।" रोम में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ अपनी बात के बाद ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने यह भी कहा कि शायद पुतिन से "अलग तरीके से निपटना होगा", शायद मास्को को लक्षित करके अतिरिक्त प्रतिबंधों के माध्यम से।
ट्रंप ने पोस्ट में कहा, "पिछले कुछ दिनों में पुतिन की और से नागरिक इलाकों, शहरों और कस्बों में मिसाइलें दागने का कोई कारण नहीं था।" उन्होंने कहा, "इससे मुझे लगता है कि शायद वह युद्ध को रोकना नहीं चाहता, वह बस मुझे बहका रहा है, और उसे 'बैंकिंग' या 'द्वितीयक प्रतिबंधों' के माध्यम से अलग तरीके से निपटा जाना चाहिए? बहुत सारे लोग मर रहे हैं!!!"
क्रेमलिन ने शनिवार को बताया कि पुतिन ने शुक्रवार को मास्को में अमेरिकी राजदूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात में कहा कि वह यूक्रेन के साथ "बिना किसी पूर्व शर्त" के बातचीत के लिए तैयार हैं।
वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार से पहले शनिवार को मुलाकात की और रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी।
व्हाइट हाउस के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच चर्चा ‘‘बहुत सकारात्मक’’ रही और बाद में और ज्यादा डिटेल जारी किए जाएंगे। वेटिकन के सेंट पीटर बेसीलिका के अंदर यह बैठक लगभग 15 मिनट तक हुई।
अंतिम संस्कार के बाद जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा ‘‘अच्छी मुलाकात’’ हुई। हमने लोगों की जान की रक्षा करना, पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम, विश्वसनीय और स्थायी शांति आदि पर चर्चा की और अच्छे नतीजों की उम्मीद है।’’
ट्रंप ने दोनों पक्षों पर युद्धविराम के लिए सहमत होने का दबाव बनाया है। उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने शुक्रवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी और ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्ष ‘‘समझौते के बहुत करीब हैं।’’
पुतिन, फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए क्योंकि उनके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उन पर युद्ध अपराधों का आरोप है।
इस बीच कीव में स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यूक्रेन में रूस ने रात भर हमले किए जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है।
ये हमले ऐसे वक्त हुए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की ने वेटिकन सिटी में मुलाकात कर रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रोकने पर चर्चा की। स्थानीय गवर्नर वादिम फिलाशकिन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया की यूक्रेन के पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र के यारोवा शहर में हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई।