Saudi-Houthi War: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों के हमले में एक भारतीय की मौत हो गई और 10 अन्य भारतीय घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि इस हमले में 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान रियाद एयरपोरट् को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों में यह सबसे नया हमला था। शनिवार को हुए इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में सऊदी अरब के चार नागरिकों के अलावा बांग्लादेश, फलस्तीन, अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक भी शामिल हैं।
भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि रियाद में हुए हमले में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की आज मौत हो गई। दूतावास ने कहा, "हम मृतक के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। हम परिवार के संपर्क में हैं और पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।" उसने अन्य पोस्ट में कहा कि वह रियाद एयरपोर्ट पर हुए इस कायरतापूर्ण हमले के मामले पर लगातार नजर रख रहा है। घायलों का हाल जानने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
भारत ने रविवार को इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि खाड़ी देश में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम पिछले कुछ दिन में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बार-बार किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 10 अक्टूबर को किया गया कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है, जिसमें लोगों की जान गई, कई लोग घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।" बयान में कहा गया है, "हम मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।" सऊदी अरब ने इस हमले के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में हैदराबाद के एक व्यक्ति की मौत हो गई और उनके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "यह परिवार हैदराबाद के मेहदीपटनम का रहने वाला है।"
उन्होंने कहा कि इस हमले में मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई। जबकि उनके दो बेटे अस्पताल में हैं। यूसुफ अली की बेटी और पत्नी सुरक्षित हैं। उनके परिवार की एक अन्य सदस्य भी इस हमले में घायल हुई है।
ओवैसी ने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के रिश्तेदारों के संपर्क में हैं और रियाद में भारतीय दूतावास ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि पीड़ितों का ध्यान रखा जा रहा है। हैदराबाद के सांसद ओवैसी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से परिवार को हरसंभव मदद देने का अनुरोध किया।