अदाणी समूह की कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी (AGEL or Adani Green Energy Limited) ने फ्रांस की कंपनी TotalEnergies के साथ एक जॉइंट वेंचर बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस जॉइंट वेंचर में दोनों कंपनियों की हिस्सेदारी 50-50 प्रतिशत है। जॉइंट वेंचर में TotalEnergies 30 करोड़ डॉलर का निवेश कर रही है। अदाणी ग्रीन एनर्जी ने इस बारे में शेयर बाजारों को सूचना दी है। कहा गया कि लेनदेन के हिस्से के तौर पर जॉइंट वेंचर में AGEL ने 300 MW की ऑपरेशनल कैपेसिटी, 500 MW के अंडर कंस्ट्रक्शन अन्य प्रोजेक्ट और 250 MW के अंडर डेवलपमेंट एसेट्स का योगदान किया है। वहीं TotalEnergies ने 30 करोड़ डॉलर का इक्विटी इनवेस्टमेंट किया है।
यह डेवलपमेंट सितंबर 2023 में AGEL और TotalEnergies के बीच घोषित बाध्यकारी समझौते के अनुरूप है। 1050 MW के इस जॉइंट वेंचर में भारत में विभिन्न क्षमताओं के सोलर और विंड पावर प्रोजेक्ट हैं। अदाणी ग्रीन ने एक बयान में कहा कि इस लेनदेन के साथ, TotalEnergies ने AGEL के साथ अपने रणनीतिक गठबंधन को मजबूत किया है और 2030 तक 45 गीगावॉट क्षमता के AGEL के लक्ष्य को हासिल करने में सपोर्ट दिया है।
इस अपडेट का अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर पर असर नहीं दिख रहा है। शेयर 0.6 प्रतिशत की मामूली गिरावट क साथ 1590 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है। 26 दिसंबर को शेयर 1600 रुपये के लेवल पर बंद हुआ था। वर्तमान में अदाणी ग्रीन एनर्जी का मार्केट कैप, बीएसई के मुताबिक 2.51 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। अदाणी ग्रीन एनर्जी शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर बीएसई पर 2185.30 रुपये और निचला स्तर 439.35 रुपये है। एनएसई पर ये स्तर क्रमश: 2185 और 439.10 रुपये हैं।