घर के बगीचे, छत या बालकनी में लगा अमरूद का पेड़ घर की हरियाली को और खूबसूरत बना देता है। जब इस पेड़ पर छोटे-छोटे फल लगते हैं तो देखने में बहुत अच्छा लगता है। लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि पेड़ पर खूब फूल आते हैं, फिर भी फल नहीं बनते। ऐसी स्थिति में लोग अक्सर समझ नहीं पाते कि समस्या क्या है और इसे कैसे ठीक किया जाए। दरअसल, अमरूद के पेड़ को सही देखभाल, पोषण और अनुकूल माहौल न मिलने पर फूल गिर जाते हैं और फल बनने की प्रक्रिया रुक जाती है। कई बार जड़ों की देखभाल, मिट्टी की गुणवत्ता, धूप और पानी की कमी भी इसका कारण बनती है।
अगर समय रहते कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाए जाएं तो इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। सही तरीके से देखभाल करने पर अमरूद का पौधा स्वस्थ रहता है और समय आने पर उस पर अच्छे और मीठे फल भी लगते हैं
जड़ों की सफाई का रखें खास ध्यान
अगर अमरूद के पेड़ पर फूल आने के बाद भी फल नहीं बन रहे हैं, तो सबसे पहले जड़ों के आसपास की मिट्टी को देखना जरूरी है। कई बार वहां घास, खरपतवार या गंदगी जमा हो जाती है, जिससे पौधे को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता। इसलिए समय-समय पर जड़ों के पास की मिट्टी को हल्का ढीला करें और खरपतवार हटा दें। इससे मिट्टी में हवा का संचार बेहतर होता है और पौधा ज्यादा स्वस्थ रहता है।
चूने का पानी और नीम का घोल है फायदेमंद
अमरूद के फूलों को अक्सर चींटियां और छोटे कीट नुकसान पहुंचा देते हैं, जिसकी वजह से फल बनने की प्रक्रिया रुक जाती है। इससे बचने के लिए चूने का पानी एक आसान घरेलू उपाय माना जाता है। थोड़ा सा चुना पानी में घोलकर जड़ों में डालने से कीट कम हो जाते हैं। इसके अलावा नीम की पत्तियों को पानी में भिगोकर उसका घोल बनाकर स्प्रे करने से भी कीड़े दूर रहते हैं और पौधा सुरक्षित रहता है।
पौधे को दें जैविक खाद का पोषण
अमरूद के पेड़ की अच्छी बढ़वार के लिए सही पोषण बेहद जरूरी होता है। रासायनिक खाद की जगह जैविक खाद का इस्तेमाल करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। गोबर की सड़ी हुई खाद, वर्मी कम्पोस्ट या रसोई के जैविक कचरे से बनी खाद मिट्टी को उपजाऊ बनाती है। इससे पौधे को प्राकृतिक पोषण मिलता है और समय आने पर उसमें ज्यादा फल लगते हैं।
समय-समय पर करें कटाई-छंटाई
पौधे को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए उसकी नियमित कटाई-छंटाई भी जरूरी होती है। सूखी, कमजोर या बीमार टहनियों को हटाने से पौधे की ऊर्जा नई शाखाओं के विकास में लगती है। जब नई और मजबूत शाखाएं बनती हैं, तो उनमें फूल और फल भी ज्यादा आते हैं। इसलिए साल में एक या दो बार हल्की छंटाई करना फायदेमंद होता है।
सही पानी और भरपूर धूप भी है जरूरी
अमरूद के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए पानी और धूप दोनों का संतुलन जरूरी है। पौधे को इतना पानी दें कि मिट्टी में नमी बनी रहे, लेकिन पानी जमा न होने दें। ज्यादा पानी से जड़ें खराब हो सकती हैं। इसके अलावा पौधे को रोजाना कम से कम 6 से 7 घंटे की सीधी धूप मिलनी चाहिए। सही धूप और पानी मिलने पर अमरूद का पेड़ स्वस्थ रहता है और उस पर फल भी अच्छी मात्रा में लगते हैं।