Patna Hit and Run Case: बिहार में बेकाबू कार ने पुलिसकर्मियों को रौंदा! महिला कांस्टेबल की मौत, 2 अन्य पुलिसकर्मी घायल

Patna Hit and Run Case: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार (11 जून) देर रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक महिला कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना अटल पथ पर पुनाईचक के पास हुई, जहां अधिकारी वाहनों की जांच कर रहे थे

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 1:50 PM
Story continues below Advertisement
Patna Hit and Run Case: पटना के श्रीकृष्ण पुरी थाने में तैनात तीन सुरक्षाकर्मी अटल पथ पर वाहनों की जांच कर रहे थे, तभी यह घटना हुई

Bihar Hit and Run Case: बिहार की राजधानी पटना के श्रीकृष्ण पुरी इलाके के पास तेज गति से जा रही एक कार की टक्कर लगने से एक महिला कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। मृतक कांस्टेबल की पहचान कोमल (22) के रूप में हुई है। जबकि घायल पुलिसकर्मी दीपक कुमार (सब इंस्पेक्टर) और अवधेश कुमार (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) हैं। अधिकारियों ने गुरुवार (12 जून) को बताया कि यह घटना बुधवार (11 जून) देर रात अटल पथ पर हुई।

पटना के एसएसपी अवकाश कुमार ने पीटीआई को बताया, "श्रीकृष्ण पुरी थाने में तैनात तीन सुरक्षाकर्मी अटल पथ पर वाहनों की जांच कर रहे थे, तभी यह घटना हुई। जब वे एक कार की जांच कर रहे थे, तभी तेज गति से आए एक अन्य वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पुलिस कर्मी घायल हो गए।" उन्होंने कहा कि घायल सुरक्षाकर्मियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला कांस्टेबल ने दम तोड़ दिया।

कुमार ने कहा कि अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार में बैठे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी के कार पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का झंडा लगा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे सियासी पारा चढ़ गया है।


झांसी में कार दुर्घटना में 3 लोगों की मौत

बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार सुबह एक कार के सड़क के डिवाइडर से टकराने के कारण एक महिला और एक किशोरी समेत एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ( मोठ क्षेत्र) देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना तड़के करीब चार बजे मोठ क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास हुई जब सिद्धार्थनगर से महाराष्ट्र जा रहा वाहन नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से टकरा गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के नौगढ़ के इटारी बाजार के निवासी आमिर (45), असमा (40), और उनकी 15 वर्षीय बेटी परवीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परिवार अपने गृहनगर में ईद मनाने के बाद महाराष्ट्र में अपने कार्यस्थल पर लौट रहा था।

ये भी पढ़ें- Maharashtra Murder Case: महाराष्ट्र में एक और सोनम रघुवंशी! पत्नी ने कुल्हाड़ी से की सो रहे पति की हत्या, 15 दिन पहले हुई थी शादी

घायलों की पहचान उबेदिक रहमान (40), उनके बच्चे अब्दुल बहादुर रहमान (10), अनीस रहमान (8), इशाया (6) और उबेदिक के पिता शहाबुद्दीन रहमान (70) के रूप में हुई है। उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कम से कम दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।