Bihar New CM: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार में अपने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद पार्टी ने बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे पहले, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होगी।
BJP के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार (12 अप्रैल) को एक अधिसूचना में कहा, "भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।"
संजय कुमार झा ने रविवार को कहा कि बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए चुने जाने के कारण राज्य में नई सरकार का गठन आवश्यक हो गया है।
झा ने JDU प्रमुख कुमार से मुलाकात के तुरंत बाद पत्रकारों से बात की। कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की उम्मीद है ताकि BJP के नेतृत्व वाली नयी सरकार के लिए रास्ता साफ हो सके।
पूर्व मंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सदस्य झा ने कहा, "मुझे लगता है कि यह प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होगी। लेकिन अधिक जानकारी के लिए आपको राज्य सरकार में शामिल लोगों से बात करनी चाहिए।"
झा के अलावा, मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचने वालों में भारतीय जनता पार्टी के नेता और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल थे जिन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए एक संभावित उम्मीदवार के रूप में भी देखा जा रहा है। इसके अलावा JDU के वरिष्ठ नेता एवं विधायी कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी भी वहां मौजूद थे।
विजय कुमार चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "BJP की सिफारिश पर राजग के विधायक नए मुख्यमंत्री का चुनाव करेंगे।" उन्होंने कहा, "नई सरकार के गठन में भाजपा की अहम भूमिका है। इन मामलों में उसकी अपनी प्रक्रिया है। जब वह अपनी योजना लेकर आएगी तो आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।"
बिहार में BJP के नेता राज्य में अपने पहले मुख्यमंत्री को लेकर उत्साहित हैं। हालांकि वे यह स्वीकार भी करते हैं कि उम्मीदवार का चयन केंद्रीय नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। दशकों तक BJP में रहे और अब तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो चुके अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने शनिवार को पार्टी की आला कमान की संस्कृति पर तंज कसा।
सिन्हा ने BJP शासित कई राज्यों में हुई घटनाओं का जिक्र किया जहां दिल्ली से आए दूतों द्वारा कागज के एक टुकड़े पर नाम लिखकर लाए जाने के बाद कथित तौर पर कम लोकप्रिय उम्मीदवारों को शीर्ष पद मिल गया। उन्होंने कहा, "बिहार को कोई पर्ची लेकर आने वाले बाबा से सावधान रहना चाहिए।"